रविवार, 21 दिसंबर 2008

मेरा वाला नीला


मेरे घर के बागीचे में यह फूल खिला है। कोयलस के पौधे में इन दिनों ऐसे खूब सारे फूल लगे हैं।

मंगलवार, 16 दिसंबर 2008

ये विजय दिवस क्‍या ?

आज विजय दिवस है। ये क्‍या है... आओ मंथन करें 

आजकल हर दिन का दिवस बना दिया है मीडिया वालों ने। कभी जच्‍चा दिवस, कभी बच्‍चा दिवस, कभी पुराने मित्र दिवस  तो कभी नए मित्र दिवस, कभी पिता दिवस तो कभी माता दिवस। कुल मिलाकर साल के 365 दिन अपने आप में विशिष्‍ट हैं। फिर ये विजय दिवस क्‍या है। 

ये दशहरे के आस-पास नहीं आता क्‍या, या उसी दिन आता है। अभी सर्दियों में इसकी बात क्‍यों हो रही है। इसमें तो शस्‍त्र पूजा होती होगी। या फिर करगिल युद्ध जीता उसकी याद में मनाया जाता है। 


16 दिसम्‍बर 1971 की याद में सेना द्वारा जाने वाले विजय दिवस के संदर्भ में एक परिचर्चा करने का काम मुझे सौंपा गया। बीस से अधिक बुद्धिजीवियों (बुद्धि बेचकर खाने वालों, श्रमजीवी की तर्ज पर) से बात की। अधिकांश लोग अपने क्षेत्रों के विशेषज्ञ थे। उनके जवाब कुछ ऐसे ही थे। एक ने तो यहां तक कहा कि जब तक इस सवाल को कंपीटीशन परीक्षाओं में शामिल नहीं किया जाएगा तब तक लोगों को ध्‍यान नहीं आएगा। 

करीब तीन घण्‍टे की मशक्‍कत के बाद मैं झल्‍ला गया और अपनी तरफ से कुछ लोगों को विजय दिवस के बारे में जानकारी देकर उनके 'विचार' जाने। संदर्भ पता चलने के बाद कुछ ने नेताओं की भाषा में इतना गोलमोल बोला कि फोन रखने के बाद कई देर तक मुझे सोचना पड़ा कि बंदे ने वास्‍तव में जवाब दिया क्‍या है। कुछ ने कहा यार कुछ भी लिख देना। तूं लिखेगा तो गलत थोड़े ही लिखेगा। 

मैंने सोचा कि किसी पुराने सैनिक को ये बातें बता देता हूं वो पहले वाले बीस और बाद वाले चार लोगों को अपनी थ्री नॉट थ्री से गोली मार आएगा। दुख से अधिक क्षोभ हुआ कि जिस जीत को मैं आल्‍हादकारी मान रहा था उसकी याद भी लोगों की जेहन से धुमिल होती जा रही है। 


खैर कुछ जानकारी जो मुझे है इस बारे में बता देना चाहूंगा। 

16 दिसम्‍बर 1971 में भारतीय सेना ने पाकिस्‍तानी को ढाका में उसकी 93000 सैनिकों के साथ झुकने पर मजबूर कर दिया और संधि पर हस्‍ताक्षर कराए। एक अलग देश बना बांग्‍लादेश। यह ऐतिहासिक जीत थी। इसी की याद में सेना द्वारा विजय दिवस मनाया जाता है। आज इस जीत की महज 37वीं वर्षगांठ है और बहुत से युवा इस जीत को भुला चुके हैं। जिन वीरों मातृभूमि के लिए अपना सर्वस्‍व न्‍यौछावर किया उन्‍हें भूलना खुद की जड़ें भुला देने जैसा है। 

मेरी ओर से देश के वीर शहीदों और आज देश की रक्षा कर रहे जवानों को गर्वीला सलाम। 

इन दिनों बीकानेर में छाए बादल


इन दिनों बीकानेर में बादलों का जमावड़ा है। यहां बादल होना ही अपने आप में घटना है। बादलों का एक सुंदर चित्र 

बुधवार, 10 दिसंबर 2008

यही है वो मंदिर

राजस्‍थान के अधिकांश लोगों के लिए इस मंदिर की चर्चा करना घावों को कुरेद देने जैसा काम है। अभी कुछ दिन पहले जोधपुर गया। सालों बाद और शादी के बाद तो पहली बार जोधपुर जाना हुआ। वहां पत्‍नीजी साथ थीं। पहुंचने के कुछ ही मिनटों के भीतर वे पता कर आईं कि यहां कोई ऐसा मंदिर है जहां कुछ भी मांगों मिल जाता है। वैसे वे मांग-तांग में विश्‍वास नहीं करती लेकिन बहुत ज्‍यादा मांगना हो तो वे किसी स्‍थापित भगवान का गला पकड़ती हैं और मांग लेती है। कभी मिल जाता है तो ठीक वरना इन रोड साइड भगवानों की नि:स्‍सारता का तो उन्‍हें भान है ही। खैर मेरे दिमाग में घूमने का प्‍लान था और पत्‍नीजी के दिमाग में उस मंदिर जाने का। एक ऑटो वाले को पकड़ा और घूमने की जगह पूछी। वह बिना प्‍लान सीधे मेहरानगढ़ ले गया। गढ़ में प्रवेश से पहले ही वहां गढ़ की प्राचीरों के ऊपर मं‍डराती चीलें दिखाई दी। मैंने सोचा राजशाही का कत्‍ल हुए साठ साल से ज्‍यादा समय हो गया अब ये चीलें किसका मांस ढूंढ रही हैं। हम ऊपर चढ़ते गए। गढ़ के अन्‍दर की कुछ महिलाएं कठपुतलियां बेच रही थीं। कान्‍हा (मेरा बेटा) उत्‍सुकता से उनके पास चला गया। उनमें से एक से मैंने पूछा गढ़ में आगे क्‍या है। तो उसने बताया आगे चामूण्‍डा माता का मंदिर है। मेरे दिमाग में एक मिनट के लिए भी ख्‍याल नहीं आया था कि हम उसी देवी के पास जा रहे हैं जिसने कुछ ही दिन पहले सैकड़ों जवान लड़कों की बलि ली है। पीठ में सिरहन दौड़ गई। एक उत्‍सुकता थी देखने की सो कुछ तेजी से आगे बढ़ा। साथिन ने पूछा क्‍यों जी ये वही मंदिर है जहां मनौतियां सौ प्रतिशत पूरी होती है। मैं एक बारगी कुछ बोल नहीं पाया। एक ओर पत्‍नी का उत्‍साह तो दूसरी ओर दिमाग में चल रहा तूफान। मैंने धीरे-धीरे बोलते हुए बताया ये वही मंदिर है जहां सैकड़ो युवा कुचलकर मर गए थे। अब श्रीमतीजी के पांव भी ठिठक गए। माहौल बिल्‍कुल काला-काला सा नजर आने लगा। एक-दूसरे को हिम्‍मत देते हुए आगे बढ़े और निज मंदिर तक आए। हम दोनों ही कुछ नहीं बोल रहे थे। मंदिर से लौटते वक्‍त उन्‍होंने कहा मुझे तो केवल चीत्‍कार का ही अनुभव हुआ। वापस लौटते समय दोनों शांत थे। कान्‍हा समझ नहीं रहा था कि जब घूमने आए हैं तो खुश क्‍यों नहीं है।


किले के ऊपर का नजारा