शनिवार, 4 जुलाई 2009

चल मालिश करा के आते हैं!!?

छोटी काशी बीकानेर में हमेशा ही कुछ न कुछ धार्मिक आयोजन होते रहते हैं। कुछ बड़े तो कुछ छोटे। एक बार एक महाराज आए। प्रखर जी महाराज। उन्‍होंने बीकानेर के धरणीधर महादेव मंदिर में 1008 कुण्‍डीय महायज्ञ शुरू किया था। एक महीने तक मंदिर के पास की सूखी हुई तलाई में होने वाले कार्यक्रम के लिए तलाई को पूरी तरह बालू मिट्टी से ढंक दिया गया। एक बड़ा सभागार बनाया गया। अस्‍थाई सभागार बड़ा मनोरम था। पास ही प्रखरजी महाराज की कुटिया भी बनाई गई। हजारों लोग तलाई का बदला हुआ रूप देखने पहुंचने लगे। बीकानेर के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों के 1008 जोड़ों ने इस महायज्ञ के लिए पंजीकरण करा लिया था। आयोजन शुरू होने से पहले उसका जबरदस्‍त प्रचार किया गया कि यज्ञ में धन की आहूति देने वाले लोगों को गजब का पुण्‍य मिलेगा। लोगों ने दान देने में कोई कसर नहीं रखी और प्रखर जी महाराज और उनके चेलों ने बटोरने में।

आयोजन शुरू हो गया। हम चूंकि पढ़े लिखे प्रबुद्ध लोगों के परिवार से थे। इसलिए आयोजन से पर्याप्‍त दूरी बनाए हुए थे। फिर भी कौतुहलवश एक बार जाकर देख आए थे कि कैसा दिख रहा आयोजन स्‍थल। अभी आयोजन को शुरू हुए पांच-सात दिन ही हुए थे कि मेरा दोस्‍त प्रभु आया बोला प्रखर जी महाराज के यहां मालिश कराई क्‍या? वह हमेशा ही मुझे हैरान करता रहा है। इस बार तो अति हो गई। मैंने पूछा प्रखरजी महाराज ने यज्ञ के साथ मसाज पार्लर भी खोला है। वो बोला नहीं प्रखर जी महाराज के साथ एक विदेशी शिष्‍य है। उसने शक्तिपात की कला सीखी है। उससे शक्तिपात के बारे में बात करना। तो वह मालिश कर देगा। मेरे लिए यह नई जानकारी थी। मुझे असमंजस में देखकर प्रभु बोला चल मेरे साथ मालिश करा के आते हैं। मैं यंत्रवत् उसके साथ निकल पड़ा। शाम का समय था। यज्ञ की आहूतियां अपने अंतिम चरण में थी। पूरा वातावरण संहिता के श्‍लोकों से गुंजायमान हो रहा था। प्रखरजी महाराज स्‍थानीय जनप्रतिनिधियों को समझा रहे थे कि वे लोग दस करोड़ रुपए एकत्रित करके उन्‍हें दें तो वे बीकानेर में एक वैदिक स्‍कूल स्‍थापित कर सकते हैं। जिसमें सुरम्‍य वातावरण में पढ़ाई संभव हो सकेगी। बड़े-बड़े लोग बैठे थे इसलिए बीच में बोलना उचित नहीं लगा लेकिन मन में आया कि सुरम्‍य वातावरण की इतनी बड़ी कीमत की क्‍या जरूरत है। हम आगे बढ़ गए। कुटिया के पास ही विदेशी शिष्‍य कुछ लोगों को शक्तिपात की जानकारी दे रहे थे लेकिन बीकानेर के मारवाड़ी लोगों को बात पल्‍ले नहीं पड़ रही थी। प्रभु और मैं भी झुण्‍ड में जाकर बैठ गए। कुछ देर में भीड़ कम हुई तो प्रभु ने भगवाधारी विदेशी शिष्‍य को अंग्रेजी में बताया कि मैं दर्शन का विद्यार्थी हूं और शक्तिपात के बारे में जानना चाहता हूं। कुछ देर तक बोझिल ज्ञान से सराबोर करने के बाद जब मैं झपकी लेने की स्‍टेज में आ चुका था तो अचानक उन विदेशी भगवाधारी साधू महाराज ने मेरा सिर सामने से पकड़ा और अपने घुटनों की ओर झुका दिया। वे व्रजासन में बैठे थे। इससे पहले कि मैं कुछ समझ पाता उन्‍होंने सिर से लेकर मेरी पीठ के आखिरी हिस्‍से तक तेजी से अपने हाथ चलाए(पीटा नहीं :))। इससे मेरी आंखें लाल हो गई। आस-पास बैठे लोगों को लगा कि मुझमें शक्तिपात हो गया है। सच कहूं तो मुझे भी एक बार लगा कि शक्ति बढ़ गई है। मेरा बॉस्‍केटबॉल में स्‍ट्रेचिंग का अनुभव बताता है कि अच्‍छी तरह से स्‍ट्रेच और मसाज हो तो पूरा शरीर हल्‍का हो जाता है। बस वही फीलिंग उस समय हुई। सिर ऊंचा उठाया तो महाराज ने पूछा क्‍यों कुछ महसूस हुआ। मैंने नहीं में सिर हिला दिया। महाराज नाराज हो गए और उठकर चले गए।

बाद में मैं काफी देर तक मेले में घूमता रहा। प्रभु ने महाराज के यहां से छूटते ही पूछा कैसी लगी मालिश। मैंने कहा कि मैं सोच रहा हूं कि दोबारा कैसे कराई जाए। :)

साक्षात प्रखरजी महाराज से एनकाउंटर अगली पोस्‍ट में।

गुरुवार, 25 जून 2009

सब कुछ है गांधीमय (रिंग, रिंग रिंगा भाग तीन)

mahatma-gandhi-indian-hero मैं आजादी के बाद की बात कर रहा हूं। उससे पहले भले ही गांधीजी का जीवंत करिश्‍मा रहा होगा लेकिन इसके बाद कैश कराने की प्रवृत्ति के चलते सबकुछ गांधीमय हो चुका है। गांधी टोपी पहनी तो इसलिए कि गांधीजी ने कहा है और उतारकर रख दी तो इसलिए कि गांधीजी खुद नंगे सिर रहते थे। एक तरफ दलितों के उत्‍थान का विचार है तो दूसरी तरफ दलितों से बराबरी की शुद्ध भावना।

देश में एक बार फिर कांग्रेस की सरकार बन चुकी है। इस कारण नहीं कि मनमोहन सिंह की सरकार ने नरेगा में रोजगार दिया और किसानों के कर्जे माफ किए। या अमरीका से संधि की। बल्कि युवा गांधी के अथक प्रयासों से बुढ़ाती कांग्रेस में नई जान आ गर्इ। युवा नेता ने मंत्री बनने के बजाय संगठन में काम करने की सोची है। अब युवाओं के सामने एक ही लक्ष्‍य है, संगठन को मजबूत करना। परीक्षा दो और सफल हो जाओ। इससे कतार में आखिरी खड़े आदमी को भी लाभ होगा। यही तो गांधीजी चाहते थे।

ठीक है देश का नेतृत्‍व जवान लोग करेंगे। स्‍थानीय प्रतिनिधि से लेकर राष्‍ट्रीय स्‍तर पर युवा ही देश की बागडोर को थामे रहेंगे। तो बूढ़े क्‍या करेंगे?

बूढे चिंतन करेंगे। आज की समस्‍याएं और गांधी। आज की समस्‍याओं पर चिंतन उन्‍हें मुख्‍यधारा का अहसास कराएगा और गांधी युवाओं की समुद्री आंधी से बचाए रखेगा। तो आइए चिंतन करते हैं आज की कुछ समस्‍याओं पर।

आतंकवाद- आप कहेंगे वाह क्‍या विषय चुना है। आतंकवाद की जड़ असंतोष में है। गांधीजी ने संतोषी प्रवृत्ति का पाठ पढ़ाया था। आतंकवादियों को संतोषी होना चाहिए और सुरक्षा बलों को अहिंसक। बाकी रघुपति राघव राजा राम तो हैं ही। कहीं गए थोड़े ना ही हैं। गांधी हमारे दिल में है और राम सर्वव्‍यापी हैं।

दूसरा मुद्दा बेरोजगारी- (कृपया आरक्षण शब्‍द का इस्‍तेमाल कर इसे राजनीतिक रूप देने की कोशिश न करें।) गांधी ने ग्राम स्‍वराज्‍य का मॉडल दिया था। हर गांव आत्‍मनिर्भर हो तो बेरोजगारी की समस्‍या स्‍वत: ही दूर हो जाएगी। इसके लिए केन्‍द्र की ओर मुंह ताकने की जरूरत नहीं है। संयम और ईमानदारी से ग्राम स्‍वराज्‍य भी बन जाएगा और रामराज्‍य भी आ जाएगा।

सांप्रदायिकता: गांधीजी ने कहा था कि सब मनुष्‍य समान हैं। बस अंग्रेजों को भगा दो। बाकी लोग अपने ही हैं। उनके लिए तो पाकिस्‍तान बनना भी एक सदमा था। गांधीजी ने सर्वजन हिताय की बात की थी। इसमें क्‍या हिन्‍दु, क्‍या मुसलमान, क्‍या सिक्‍ख और क्‍या इसाई। उनकी नजर में तो सब बराबर थे। हमें उनसे सीख लेनी चाहिए।

ऐसे हजारों मुद्दे हैं जिन पर वरिष्‍ठ नेता पद और लाभ का मोह छोड़कर चिंतन कर सकते हैं। अब देश की बागडोर युवा कंधों पर है तो उन्‍हें देखें और सराहें। जब सलाह की जरूरत होगी तो मांग ली जाएगी। तब तक वे चिंतन करें।

वास्‍तव में गांधी ऐसी चीज है जो हर जगह फिट होती है। किसी भी बिंदु पर चिंतन करो। घुमा फिराकर घुसा दो गांधी में। दलित उद्धारक की छवि से लेकर हजार रुपए के नोट तक गांधी एक जैसे हैं। समस्‍याओं के पैदा होने से लेकर उनके समाधान तक गांधी वैसे ही मुस्‍कुराते हुए मिलते हैं। चलिए अगले करिश्‍मे तक यही सही...

रिंग रिंग रिंगा है आभासी आशावाद। फिल्‍म ने पैदा किया। गरीबी दिखाई। घनघोर दिखाई, विद्रुपताओं की पराकाष्‍ठा दिखाई और अंत में भाग्‍य की जीत दिखाई। भारत भाग्‍य विधाता है और गांधी राष्‍ट्रपिता। स्‍वागत कीजिए पांचवी पीढ़ी के युवा नेता का।

शनिवार, 20 जून 2009

राहत की बात - मैं अकेला नहीं हूं :)

अभी सुरेश चिपलूनकर जी  टिप्पणी सम्बन्धी खुराफ़ात के बारे में बता रहे थे तब पहली बार लगा कि मैं अकेला नहीं हूं। इस कारण नहीं कि वे ज्‍योतिष और वास्‍तु जैसी विधाओं को कोसते रहे हैं। इस विषय पर तो मैंने उनका विरोध किया है। लेकिन उनकी कविता नहीं समझ पाने की स्थिति ने मुझे काफी राहत दी है। अब तक ऐसा लगता था कि दुनिया के अधिकांश पढ़ने लिखने वाले लोग गद्य के अलावा पद्य को आसानी से समझ लेते हैं और सृजन भी कर लेते हैं। इस पोस्‍ट में उन्‍होंने स्‍पष्‍ट कहा है कि उन्‍हें कविता समझ में नहीं आती। दरअसल मुझे भी नहीं आती। :)

इसके बावजूद नेट पर रोजाना पचासों कविताएं नई आती हैं। मौलिक और गहरी। कईयों के तो शब्‍द और वाक्‍य संरचना तक दिमाग के एंटीना को भी छू नहीं पाते। खैर मुझे लगता है मेरे और सुरेश जी के अलावा जहां में और भी होंगे जो सुखनवर न बन पाए हों। वैसे गद्य लिखकर भी मैं भारतेंदु हरिश्‍चंद्र की परम्‍परा को ही आगे बढ़ा रहा हूं। उन्‍होंने पद्य में अतुकांत का समावेश किया और फिर अभिव्‍यक्ति के क्षेत्र में गद्य को प्रभावी तरीके से शामिल कर दिया। मैं अपने मन की बात सहज होकर कह पा रहा हूं। तब शायद पद्य की इतनी आवश्‍यकता भी नहीं है।

फिर भी उड़न तश्तरी .... को देखता हूं तो कर्मकाण्‍ड की एक बात याद आ जाती है जिसमें बताया गया है कि सरस्‍वती की बीजमंत्र के साथ आराधना करने पर कवित्‍व शक्ति अर्जित की जा सकती है। समीरजी न केवल गद्य में अपनी बात रोचक और गहराई के साथ व्‍यक्‍त करते है और पद्य भी सहज रच लेते हैं। यह मुझमे ईर्ष्‍या भाव जगा देता है।

(मैं यहां द्वेष नहीं कह रहा :))

इसी तरह अनुराग आर्य जी के दिल की बात ही ले लीजिए। वे अपनी बात गद्य के छोटे बड़े टुकड़ों में करते हैं और आखिर में पद्य की तीन या चार लाइने इतनी प्रभावी होती हैं कि पोस्‍ट के नीचे के कमेंट्स में गद्य से अधिक पद्य तालियां बटोरता नजर आता है। यही स्थिति चिट्ठा चर्चा की भी है। अनूपजी पूरी पोस्‍ट लिखने के बाद आखिर में एक लाइना लिखते हैं। यह एक ओर गद्य होता है तो दूसरी ओर लाइन को पूरा करने के चक्‍कर में पद्य जैसा बन जाता है। यह इतनी रोचक होती है कि मैं पूरी पोस्‍ट छोड़कर पहले एक लाइना पर जाता हूं। वहां कुछ दम दिखाई देता है तो बाकी की पोस्‍ट भी पढ़ लेता हूं वरना आगे रवाना। अनूपजी ने कुछ पोस्‍टें तो पूरी ही एक लाइना लिखी हैं। गद्य और पद्य का यह मिलन किसी चिठ्ठा चर्चा में ही हो सकता है। जहां बात समझ नहीं आने पर लिंक पर चटका लगाओ और पहुंच जाओ माजरा समझने के लिए :)

अब सोच रहा हूं कि ऐं, वद् वद् वाग्‍वादिनी के सवा लाख जप करके कवित्‍व शक्ति प्राप्‍त कर ही लेनी चाहिए। लेकिन हमारे यहां कहा जाता है धिके जित्‍ते धिकन्‍दे यानि जब तक चलता रह सकता है चलने दो। ठीक है गद्य ही सही... :)

 

आखिर में बात लिंक रोड की। जयपुर के राजीव जैन जी ने एक नया ब्‍लॉग शुरू किया है। यहां वे क्‍लासिफिकेशन के आधार पर ब्‍लॉग्‍स जमा रहे हैं। इसमें बीकानेर के ब्‍लॉग में मेरे ब्‍लॉग का पता भी है। इसके अलावा कार्टूनिस्‍टों के ब्‍लॉग, हास्‍य व्‍यंग, लेखकों, तकनीकी आदि ब्‍लॉगों के बारे जानकारी दे रहे हैं। फिलहाल बहुत कम ब्‍लॉग इनकी लिस्‍ट में है लेकिन यह लगातार बढ़ता रहा तो एक दिन रेफरल चिठ्ठा बन जाएगा। राजीव जी को शुभकामनाएं।

गुरुवार, 18 जून 2009

चिडि़या पानी तो पी ले, लेकिन दूब न खाए

प्रकृति की नेमतें मुझे और भी हीनता का अनुभव कराती है जब मैं सोचता हूं कि मेरे घर के बगीचे में रखे पाळसिए यानि मिट्टी के बर्तन में रखे पानी को पीने के लिए चिडि़याएं आएं और पानी पीएं। इससे मेरे घर में चिडि़यों का संगीत गूंजता रहेगा। लेकिन इसके साथ ही मैं चाहता हूं कि वे बगीचे में उगी दूब को न खाएं। प्रकृति तो शायद ऐसा नहीं सोचती। बिना किसी रिटर्न की चाहत मुफ्त में हजारों चीजें उपलब्‍ध करा देती हैं जो जिंदगी को और भी भरपूर बना देती हैं।

अब रजनीगंधा और अनोखी मकड़ी

<KENOX S760  / Samsung S760>

रजनीगंधा में खिला फूल और उस पर सफेद जीव छोटा सा

<KENOX S760  / Samsung S760>

पूरी खूबसूरती के साथ

<KENOX S760  / Samsung S760>

वह जीव मैं इसके बारे में कुछ नहीं जानता

<KENOX S760  / Samsung S760>

मोगरा। इसे हाथी मोगरा भी कहते हैं।

जीव के बारे में किसी को पता हो तो बताइएगा। मैंने तो इसे पहली बार देखा है। यह मकड़ी की तरह दिखाई देता है। सभी फोटो इनलार्ज हो सकते हैं।

one more clear photo


शनिवार, 6 जून 2009

आज ही सांस ली है

पिछले कई दिन से जैसे मशीन ही बन गया था। सुबह आठ बजे दिन शुरू होता और रात को तीन बजे खत्‍म होता। अगले दिन सुबह आठ बजे फिर दिन शुरू हो जाता। पर मजा आ गया।

अतिव्‍यस्‍तता के कारणों में से एक प्रमुख कारण था वास्‍तु की कक्षाएं। समर स्‍कूल में मुझे छह दिन तक वास्‍तु संबंधी कक्षाएं लेने का मौका मिला। अभी से पहले कभी पढ़ाया नहीं और पढ़ा भी ढंग से नहीं। कक्षाएं शुरू होने से पहले ही मुझे बता दिया गया कि मेरी अनौपचारिक कक्षा में एक ऐसे सज्‍जन ने भी पंजीकरण कराया है जो एक स्‍थानीय अखबार में वास्‍तु पर नियमित कॉलम लिखते हैं। सच पूछिए तो मेरे पैरों के नीचे से जमीन खिसक गई। बाकी प्रतिभागी भी धुरंधर थे। कक्षा शुरू होने से पहले अठारह दिन तक लगातार पढ़ता रहा। साथ ही मनन भी करता रहा कि कहां से शुरू किया जाए और कहां तक ले जाया जाए। लेकिन अब तक पढ़ा सबकुछ रिकॉल किया। सारे नोट्स दोबारा संभाले। आखिर वह दिन आ गया।

मैं समय से पहले कक्षा में पहुंचा। लेकिन कक्षा खाली मिली तो इधर-उधर घूमने लगा। थोड़ी देर बार कॉर्डिनेटर को जाकर कहा तो उसने बताया कि सभी प्रतिभागी आ चुके हैं। कक्षा के बाहर ही खड़े होंगे। मैं वापस कक्षा की तरफ दौड़ा तो वहां कुछ वरिष्‍ठ पुरुष और महिलाएं खड़े थे। मैं उन्‍हें नजरअंदाज कर कक्षा में घुस गया और बोर्ड साफ करने लगा। मैं जिस बात को अवोईड करना चाह रहा था वही हुई। सबसे पहले स्‍तंभकार कक्षा में आए। और आते ही मेरा इंटरव्‍यू लेने लगे। पूछा क्‍या आता है आपको वास्‍तु के बारे में। आमतौर पर मैं जवाब देता हूं कि कुछ खास नहीं बस सीख रहा हूं। लेकिन अपनी कक्षा में यह बात कहना और वह भी पहले प्रतिभागी को नुकसानप्रद हो सकता था। सो उनकी बात मैं हंसकर टाल गया और समर स्‍कूल और दूसरे विषयों पर बात करने लगा। थोड़ी देर में उन्‍होंने पूछा कि आपको कितने साल हुए हैं अध्‍ययन करते हुए। मैंने गर्व से बताया कि ग्‍यारह साल हुए हैं। तो वे बोले 'बेटा' मैं 1990 से इस व्‍यवसाय में हूं। मेरी पीठ पर पसीना आ गया। वैसे उस दिन गर्मी भी अधिक थी। :)

खैर एक एक कर सभी प्रतिभागी अंदर आते गए और मैं किसी तरह अपना कांफिडेंस संभाले बैठा रहा। सबसे अच्‍छी बात यह रही कि एक हंसमुख बच्‍ची भी वास्‍तु की कक्षा में थी। मैंने उसी से शुरूआत की। मैंने उससे पूछा क्‍या होता है वास्‍तु। वह मुस्‍कुराई और जो भी उसके मन में आया बोलती गई। मेरा काम आसान हो गया। उसकी गलतियों को सुधारते हुए मेरी गाड़ी चलने लगी। पहले दिन आसानी से डेढ़ घण्‍टे तक मैं वास्‍तु के मूल सिद्धांतों के बारे में बताता रहा और उसी दिन मैंने सभी प्रतिभागियों को वास्‍तु की एक पुस्‍तक भवन भास्‍कर जो गीताप्रेस गोरखपुर से प्रकाशित है लाने के लिए कह दिया। यह मेरी पसंदीदा किताब है। फेंग शुई से अछूती और प्राचीन सिद्धांतों से परिपूर्ण। कहीं कोई शंका की गुंजाइश नहीं।

कक्षा खत्‍म होते ही घर आया और किताब को एक बार फिर पूरी पढ़ गया। अब मैं फुल चार्ज था। अगले दिन उन्‍हीं स्‍तंभकार ने दो-तीन बार मुझे टोका लेकिन मैं अपनी रौ में फ्रायड, डेल कारनेगी, स्‍टीफन आर कोवे, एलन पीज और विवेकानन्‍द तक के उद्धरण देते हुए अपनी बात पूरी करता गया और प्रतिभागियों के समक्ष तस्‍वीर स्‍पष्‍ट होती गई। हर किसी के दिमाग में कहीं न कहीं कोई न कोई भ्रांति पहले से थी। अधिकांश ने पहले से वास्‍तु का कुछ न कुछ अध्‍ययन किया हुआ था। अच्‍छी बात यह थी कि किसी ने भवन भास्‍कर नहीं पढ़ी थी। हर रोज एक विषय लेकर उसे पूरा करता और कक्षा के अंत तक किसी ने किसी मॉडल का विश्‍लेषण करता। पांचवे दिन प्रतिभागी परफेक्‍ट मॉडल बनाकर लाए। उन मॉडल्‍स में गलतियां बताई और आखिरी दिन तो दो मॉडल बिल्‍कुल परफेक्‍ट बन गए। हर दिन मेरे और मेरे प्रतिभागियों के चेहरे पर चमक बढ़ती गई। बस एक गड़बड़ हुई कि आखिरी दिन स्‍तंभकार महोदय नहीं आए। कक्षा खत्‍म होने के बाद उनका फोन आया। बोले मैं किसी कारणवश आ नहीं पाया इसलिए माफी चाहता हूं। मैंने कहा कोई बात नहीं। उस समय मैं कॉर्डिनेटर के पास बैठा था।  उन्‍होंने कहा परीक्षा से डर से नहीं आए होंगे। मैंने कहा परीक्षा की तो कुछ बात ही नहीं थी। तो उन्‍होंने बताया कि हर कोर्स में आखिरी दिन परीक्षा का प्रावधान है। उसमें टॉप रहने वाले विद्यार्थी को पुरस्‍कृत किया जाएगा।

अब बात मेरी समझ में आई कि स्‍तंभकार महोदय को लगा कि मैं परीक्षा लूंगा और फेल कर दूंगा तो उनकी फजीहत होगी लेकिन हकीकत में मुझे परीक्षा के बारे में जानकारी ही नहीं थी। खैर मैंने एक टॉप विद्यार्थी का नाम बता दिया जिसे पुरस्‍कृत किया जाएगा।

इस तरह छह दिन का समय इतना अधिक व्‍यस्‍तता वाला रहा कि न तो ब्‍लॉग पढ़ पाया न लिख पाया। रात को दो बजे के बाद भी बैठता तो केवल केरल पुराण की कोई नई कथा पढ़ने या इक्‍का दुक्‍का दूसरे ब्‍लॉग देखने। इसी दौरान कुर्सी पर ही नींद आ जाती।

खैर आज पुरानी सारी मेल देखी। ज्‍योतिष दर्शन पर लेख डाला और यहां आपबीती सुनाने आ गया। अच्‍छा रहा ये सप्‍ताह...

गुरुवार, 21 मई 2009

जो ब्‍लॉगर मुझे प्रभावित करते हैं - चिठ्ठा चर्चा

पिछले कई दिन से लिखने के बजाय पढ़ने का क्रम बना हुआ है। नेट पर बैठता हूं। पहले अपने पसंदीदा ब्‍लॉग्‍स को खोलकर पढ़ता हूं। फिर वहां मिली कडि़यों से आगे बढ़ता जाता हूं। दो चार या छह घण्‍टे तक यही क्रम चलता है। इस दौरान लगा कि कई चिठ्ठे बहुत अच्‍छे हैं। मुख्‍यतया कंटेट के मामले में। सोचा अन्‍य पाठकों को भी बताया जाए। अब इसका लहजा स्‍वत: ही चिठ्ठा चर्चा जैसा बन रहा है। देखिएगा।

केरल पुराण   बालसुब्रमण्यम लक्ष्मीनारायणजी एक के बाद दूसरी केरल की शानदार कहानियां सुना रहे हैं। बीच-बीच में एक दो दिन का गैप आता है तो लगता है अंतराल में सदियां बीत गई। हर कहानी बहुत शानदार। और अनुवाद लगातार निखरता जा रहा है। कई कथाएं तो छह या सात खण्‍डों में भी हैं। रसास्‍वादन कीजिएगा।

लिख डाला में शाहिद मिर्जाजी  यह बिल्‍कुल लॉटरी लगने जैसा अनुभव है। शाहिद मिर्जा जी को जो लोग जानते हैं। यानि लाखों लोगों को पता है कि उनका लेखन कैसा रहा है। उनकी पत्‍नी वर्षा भम्‍भाणी मिर्जा जी ने अपने ब्‍लॉग लिख डाला में उनका एक लेख पिछले दिनों प्रकाशित किया। सालों पहले लिखा गया लेख आज भी उतना ही सटीक है। इसे कालजयी कृति कह सकते हैं। देखिएगा...

Life is beautiful  इस ब्‍लॉग के बारे में शायद रविरतलामीजी ने बताया था। रंगीन चित्रों में कला से अधिक जीवन ढूंढने की कोशिश करता यह ब्‍लॉग वाकई शानदार है। हर पोस्‍ट में पिछली पोस्‍ट से अधिक सशक्‍त अभिव्‍यक्ति दिखाई देती है। हैं बस चित्र ही...

ज्‍योतिष की सार्थकता पंडित डीके शर्माजी अब तक सॉफ्ट अंदाज में अपनी बातें कहते रहे हैं। उनके ताजे लेख में तो उन्‍होंने विज्ञान की सबसे एडवांस शाखा अंतरिक्ष विज्ञान के समक्ष ही चुनौती पेश कर दी है। मेरा मतान्‍तर यह है कि ज्‍योतिष को ज्‍योतिष ही रहने दिया जाए उसे विज्ञान सिद्ध करने के चक्‍कर में अधिक कचरा होता है। क्‍यों न अब विज्ञान को ही ज्‍येातिष के पैमाने पर परखने का प्रयास किया जाए।

निशांत का हिंदीज़ेन ब्लॉग  निशांत मिश्राजी ने जेन कथाओं के साथ इस ब्‍लॉग की शुरुआत की। शुरू में छोटी छोटी कहानियां आ रही थी। बाद में कुछ बड़ी और बहुत बड़ी पोस्‍टें भी आई। लेकिन अब भी छोटी प्रेरक कथाओं का क्रम चालू है। हर रोज इस ब्‍लॉग पर एक तो ऐसी कथा होती ही है। कभी सुनी हुई तो कभी बिल्‍कुल नई। पिकासो और आइंस्‍टाइन के वृत्‍तांत को कमाल के हैं। इसे फीड रीडर से नियमित पढ़ा जा सकता है। मैं इस ब्‍लॉग का फैन हूं।

संजय व्यासजी ये जोधपुर के हैं। पिछले दिनों पहली बार इनके ब्‍लॉग पर गया और एक अभिशप्‍त कस्‍बे की कहानी पढ़कर इनका मुरीद हो गया। अब गूगल फ्रेंड कनेक्‍ट के माध्‍यम से इनसे जुड़ गया हूं और आगे नियमित पढ़ने की कोशिश करूंगा। आप भी इन्‍हें पढ़ सकते हैं। इनके लेखन में ताजे पानी का अहसास होता है।

डॉ अनुराग आर्य इनके ब्‍लॉग पर पहले भी जाता रहा हूं लेकिन पिछली पोस्‍ट में अनुराग जी ने क्‍लीन बोल्‍ड कर दिया। तर्जुमा था 'जीनियस डोंट फॉल इन लव' और इसका सुधार था 'जीनियस डोंट फॉल इन लव- इट हैपंस' आगे कुछ कहने की जरूरत नहीं। आप जब भी वहां पहुंचेंगे तो अपने छात्र जीवन और उन दोस्‍तों को जरूर याद करेंगे जो बेगरज आपके यार रहे हैं।

बस इतना ही... बाकी के बारे में फिर कभी बताउंगा। ब्‍लॉग के लिंक उठाना और उन्‍हें एक एक कर जमाना वाकई कठिन काम है। चिठ्ठा चर्चा नियमित रूप से करने वालों को साधुवाद। :)

बुधवार, 20 मई 2009

याद आई फैशन परेड

पिछले दिनों मेरे नानीजी श्रीमती राधादेवी हर्ष जयपुर से बीकानेर आई। अपने आवश्‍यक काम निपटाने के दौरान एक दिन मुझे पुराने घर बुलाया और मुझे एक शर्ट दिया। लाल चौकड़ी वाला। यह शर्ट मैं दूसरी या तीसरी कक्षा में  पहनता था। मैंने मुस्‍कुराते हुए पूछा ये फैशन परेड के लिए है क्‍या ?

तो नानीजी भी हंस पड़ी बोली तुम्‍हें नहीं दे रही, कान्‍हे की मां को दे देना। यह सामान्‍य काम था। मोटरसाइकिल में शर्ट की थैली को अटका लिया। घर आया तो याद आया कि शर्ट पड़ा है। मैंने बताया कि कान्‍हे के लिए नानीजी ने कोई शर्ट भेजा है वह मेरा पुराना शर्ट है। कान्‍हे की मां दौड़ी- दौड़ी बाहर गई और शर्ट ले आई। हाथों-हाथ कान्‍हे को पहनाकर दिखाया। उस समय कान्‍हे और उसकी मां की आंखों की चमक देखने लायक थी। पता नहीं पुरुष हूं इसलिए या मूढ हूं इसलिए, मुझे कभी समझ नहीं आया कि पुराना शर्ट कुतूहल कैसे पैदा कर सकता है। जो भी हो मुझे अपनी फैशन परेड याद आ गई।

फैशन टीवी के जमाने से बहुत साल पहले मेरे घर में फैशन परेड का जमाना आ गया था। साल में दो बार यह परेड होती। रंगबिरंगे कपड़े, जमा जमाया रैम्‍प और केवल जज। हां जी जितने दर्शक होते उतने ही जज होते। एकाध आया-गया भी अपनी राय जरूर भेंट चढ़ा जाता। बस तकलीफ तब होती जब अनफिट कपड़ों में हमें फिट करने का प्रयास किया जाता। सर्दियां खत्‍म होकर गर्मियां शुरु हो या गर्मियां खत्‍म होकर सर्दियां शुरू हो। नानीजी पुराने कपड़े निकालकर बैठ जाती और मुझे और भाई आनन्‍द को एक एक कर आवाज देती। बीते मौसम में कम बार पहने हुए कपड़े, मामा के कपड़े और मामा के मामा के कपड़े और कई साल पहले सिलाई हुए कपड़े। सब एक जगह पड़े होते। पैंट की हाफपेंट बनती और शर्ट की बंडी। कुल मिलाकर कपड़ों में हमें फिट किया जाता। अब ये कपड़े दुरुस्‍त भी लग रहे हैं या नहीं इसे देखने के लिए अन्‍दर वाले कमरे से आंगन पार करते हुए गैलेरी तक चलना होता और वहां से लौटना होता। ड्रेस डिजाइन, कांबिनेशन, लैंथ, चालू फैशन को किसी तरह मैच करने का प्रयास किया जाता। गर्मी की छुट्टियों में नानीजी (जो खुद अध्‍यापिका थी) हमारी तरह पूरी तरह फ्री होती। तो, किसी भी सुबह यह क्रम शुरू हो जाता और अगले कई दिन तक जारी रहता। इस दौरान जा पहचान के लोग, रिश्‍तेदार और मामाओं के दोस्‍त तक मिलने के लिए आते। हर किसी की अपनी राय होती। किसी को रंग की फिक्र होती तो किसी को डिजाइन की, कोई कांबिनेशन पर ध्‍यान देता तो कोई बचत के प्रति जागरुक दिखाई देता। पचासों ड्रेस ट्राई करने के बाद पांच-सात ड्रेस ऐसी होती जिनको कॉमन मिनिमम प्रोग्राम के लिए रख लिया जाता और अधिकतम राय जुटाने के प्रयास किए जाते। इसी क्रम में सात ड्रेस को उनचास बार पहनकर दिखाना पड़ता और रैम्‍प वही रहता। अन्‍दर वाले कमरे से आंगन पार करते हुए गैलेरी तक। कई दिनों तक चलने वाले इस क्रम में अगर हम दोनों में से कोई 'बागी' हो जाता तो उसकी खैर नहीं। नानीजी झल्‍ला जाते। कहते मैं इतनी मेहनत से इन बच्‍चों के लिए यह काम कर रही हूं और इन्‍हें कदर ही नहीं है। हम हारकर फिर से परेड में जुट जाते।

 

हमारी बगिया में खिला एक और सुंदर फूल

<KENOX S760  / Samsung S760>

मुझे इसका नाम पता नहीं है। यह आकार में काफी छोटा है और हमारा माली इसे फुलवारी कहता है। किसी को पता हो तो बताने की कृपा करें।

मंगलवार, 12 मई 2009

जब अवार्ड लेकर आया था।


जनवरी में राजस्‍थान पत्रिका के पत्रकारिता पुरस्‍कारों में बीकानेर की जस्‍ट टीम को मिला बैस्‍ट स्‍पेशल कवरेज कैटेगरी में अवार्ड। लेने मुझे भेजा गया था। चित्र में दाएं से दूसरे आगे बैठे हुए पत्रकारों में से एक। 

सोमवार, 11 मई 2009

छोटे शहर के वाशिंदे और रंगीन पल

यह बीकानेर का सार्दुल सिंह सर्किल है। बीकानेर रियासत के कुछ विश्‍वप्रसिद्ध राजा हुए हैं। उनमें से एक थे सार्दुल सिंह। यह फोटो संभवतया अजीज भाई का खींचा हुआ है। बीकानेर स्‍थापना दिवस, छब्‍बीस जनवरी और पंद्रह अगस्‍त को यह इसी तरह रौशन होता है।

 
मुशायरा 
मेरा एक ही दोस्‍त ऐसा है जो शेरो शायरी करता है। वली मोहम्‍मद गौरी। फ्रेंड्स एकता कमेटी बना रखी है। इसी नाम से फ्रेंड्स एकता पार्क भी है। इसी पार्क में वली भाई मुशायरा करते हैं। हिन्‍दी, अंग्रेजी और राजस्‍थानी के कवियों को भी बुला लेते हैं। फिर इसे नाम दिया जाता है विविध भाषा या बहुभाषा कविता संगोष्‍ठी। मैंने एक बार शिरकत की थी। यह शिरकत शब्‍द भी वहीं से सीखकर आया हूं। नीचे दिया गया फोटो हमारे फोटो अजीज भुट्टा जी का खींचा हुआ है। मेरे दोस्‍त का है सो मैंने लगा लिया है। माइक पर मुंह लगाए बैठे हैं वली मोहम्‍मद गौरी। साथ में अन्‍य विधाओं के कवि और गणमान्‍य लोग भी बैठे हैं। (अब वली भाई गा रहे हैं तो कोई तो झेलेगा ही। :) )



सेलिब्रिटी मेरे साथ ... 
और यह है राजा हसन। इसने बहुत जिद की तो मैंने इसके साथ फोटो खिंचवा लिया। वैसे ऑफिस में सब कह रहे थे कि मैं जिद कर रहा था। पता नहीं मुझे स्‍पष्‍ट याद नहीं है। लेकिन आप लोगों को राजा हसन याद होगा। सारेगामापा में राजा ने जो वंदे मातरम गाया था। उस परफार्मेंस में तो राजा ने रहमान को भी पीछे छोड़ दिया था। यह वही राजा हसन है। 


अगली बार फिर कुछ दृश्‍य एकत्र करने की कोशिश करूंगा। जैसा कि ज्ञानदत्त पाण्‍डेजी कहते हैं कैमरा तो पोस्‍ट एम्‍बेडेड गैजेट है। 

गुरुवार, 7 मई 2009

कुछ ऐसा है मेरा बीकाणा

चुनाव में ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान कैमरा भी हाथ में था सो कुछ तस्‍वीरें ऐसी भी ली जो भले ही चुनाव के काम की न हो लेकिन बीकानेर को प्रदर्शित करने वाली हो सकती हैं। 

मैंने अपनी नजर से बीकानेर को पेश करने का प्रयास किया है। गौर फरमाइए। 

  
छोटा फॉर्म हाउस। वैसे रेगिस्‍तान में अरंडी का पेड़ भी वृक्ष की शोभा पाता है। यहां तो सचमुच का पेड़ है। हां भरा नहीं है लेकिन पूरा है। पुराने तरीके की झोंपड़ी। आजकल तो बीकानेर में टूरिज्‍म के लिहाज से भी झोंपडि़यां बनने लगी हैं। उनमें एसी और कूलर भी लगे होते हैं।

धोरों पर बनने वाली ये लकीरें आम दिनों में अधिक स्‍पष्‍ट होती है। मैं जिस क्षेत्र में था वहां वनस्‍पति बढ़ने लगी है सो धोरे कम हो रहे हैं और धूल की लकीरें भी। 

भीषण गर्मी में कीकर की छांव में भेड़ें आराम फरमा रही हैं। 
आ लेके चलूं तुझे ऐसे गगन के तले, जहां गम भी न हो आसूं भी न हो
 
रेगिस्‍तान के जहाज के लिए चालीस डिग्री तापमान कुछ भी नहीं है। वह आराम से बैठा है। :) 

शुक्रवार, 1 मई 2009

ये तो टू- मच हो गया। हयं ?

आज अमितजी की नजर से दुनिया देखी तो हिट लिस्‍ट बना ही डालने की तैयारी करने लगा। बाद में देखा तो 99 टास्‍क के अलावा कुछ और भी दिमाग में आया तो जोड़ दिया। कुछ मेरे से संबद्ध नहीं था सो छोड़ दिया। पलटकर नजर डाली तो लगा कि ये तो टू-मच हो गया।

  1. अपना ब्लॉग आरंभ किया- कौनसा वाला, खुद के नाम वाला या विषय विशेष का। अब तक बारह ब्‍लॉग का सदस्‍य बन चुका हूं। कभी कभी सोचता हूं पता नहीं क्‍यों लिख मार रहा हूं।
  2. तारों की छांव में नींद ली- जमकर ली। अब तक तो बीकानेर में संभव है कि तारों की छांव में सोया जा सके। कुछ सालों बाद घर में कैटेलिटिक कन्‍वर्टर लगा लूंगा और एयरटाइट कमरे में सोउंगा, प्रदूषण से बचने के लिए।
  3. संगीत बैन्ड में कोई वाद्य यंत्र बजाया- एक बार बजाया, फिर उपस्थित श्रोतागणों ने मुझे बजाया, उसके बाद भूलकर भी कुछ नहीं बजाया।
  4. अमेरिका के हवाई द्वीपों की सैर करी- उसकी खोज हो चुकी है क्‍या। यानि अब कुछ भी नहीं बचा है एक्‍सप्‍लोरेशन के‍ लिए। यह ख्‍याल ही मुझे डिप्रेस कर देता है।
  5. उल्का वर्षा देखी - हां देखी, और हर बार कुछ कुछ होता है स्‍टाइल में विश मांगी। कुछ पूरी भी हो गई। जैसे कम से कम आज कोई गाली न दे।
  6. औकात से अधिक दान दिया - किसकी औकात, मेरी या दान लेने वाले की।
  7. डिज़नीलैन्ड की सैर करी - एम्‍युजमेंट पार्क के नाम पर एक बार अप्‍पूघर गया था दिल्‍ली में, उसकी यादें आज तक ताजा है। माइ फेयर लेडी से उतरने के बाद जी भरकर कै की।
  8. पर्वत पर चढ़ाई करी - मेरी पत्‍नी ने की है, कई बार वे रौ में आ जाती हैं तो उनके साथ ही कर लेता हूं। दो चार घण्‍टे लगते हैं। चाय की चाय और पहाड़ की चढ़ाई मुफ्त।
  9. प्रेयिंग मैन्टिस (praying mantis) कीड़े को हाथ में पकड़ा - यह टिड्डे, जोंक, हैलीकॉप्‍टर, सांप, केंचुए, कॉकरोच से अलग होता है क्‍या।
  10. सोलो गाना गाया - हें हें हें हें।
  11. बंजी जंप करी - दिल ने की है शरीर की बाकी है।
  12. पेरिस गए - इसे भी खोज लिया गया। दुख की बात है।
  13. समुद्र में बिजली का तूफ़ान देखा - रेत के समुद्र में घटोलिए आते हैं। बिजली बादलों में होती है धोरों में नहीं। सो घटोलिए देखे हैं। बहुत शानदार नजारा होता है।
  14. कोई कला शुरुआत से अपने आप सीखी - हां, सीखी, ज्‍योतिष, लोग इसे मूर्ख बनाने की कला कहते हैं।
  15. किसी बच्चे को गोद (adopt) लिया - एक कुत्‍ते का बच्‍चा लिया था, दुख के साथ कहता हूं उसे ढंग से पाल नहीं पाया। अब वो किसी और के पास है और मुझे पहचानने से इनकार करता है।
  16. कुतुब मीनार को देखा- देखा, वहां लिखे लोगों के प्रेम पत्रों को देखा, वैसे इस इमारत से इतना प्रभावित हुआ कि कुछ लम्‍बे लोगों को कुतुबमीनार बोल दिया। आज तक उनके संबंध वापस सुधरे नहीं हैं।
  17. अपने लिए सब्ज़ी उगाई - मैंने तो नहीं मेरी पत्‍नी ने  उगाए, बैंगन, कल ही उसका साग खाया था। अब किचन गार्डन में भिंडी का इंतजार है।
  18. फ्रांस में मोनालिसा देखी - हां, क्‍या वो गर्भवती थी ?
  19. रात के सफ़र में ट्रेन में नींद ली - हां, एक बार, जब सामान लेडीज कपार्टमेंट में था और मैं थर्डक्‍लास में था, तब।
  20. तकिए द्वारा लड़ाई की- हां, करता रहा हूं,... तकिया माने?
  21. सड़क पर किसी अंजान व्यक्ति से लिफ़्ट ली - मांगी पर मिली नहीं।
  22. स्वस्थ होते हुए भी ऑफिस से बीमारी के लिए छुट्टी ली - अभी अभी छुट्टियों से लौटा हूं। बॉस बहुत नाराज हैं। सहकर्मी ईर्ष्‍या कर रहे हैं। :)
  23. बर्फ़ का किला बनाया  - बर्फ ? रेत का किला बनाया। हवा के झोंके से ढह गया।
  24. मेमने को गोद में उठाया  -  ..... वह तो ..
  25. बिना किसी वस्त्र के नग्न ही पानी में उतरे (तरण ताल, नदी, तालाब, समुद्र अथवा बाथ टब इत्यादि में) ही ही ही ही, इस सवाल में बाथरूम नहीं जुड़ सकता क्‍या।
  26. मैराथन रेस में दौड़ लगाई - हां, पीएमटी पांच बार दी, हर बार फेल होता रहा, मैराथन हारने का सा अनुभव रहा।
  27. वेनिस में गोन्डोला (एक तरह की नाव) में सवारी करी - ये इतनी जगहें ढूंढ कैसे ली गई, अभी तो मैंने अपनी यात्रा शुरू भी नहीं की है। कहां कहां जाउंगा।
  28. पूर्ण ग्रहण देखा - परिवार के विरोध के बावजूद देखा, हमारे यहां माना जाता है कि ग्रहण देखने से बच्‍चे पगला जाते हैं, अब तो सब लोग मानने भी लगे हैं कि मेरे ऊपर ग्रहण का कुछ असर है।
  29. सूर्योदय अथवा सूर्यास्त देखा- सालों पहले देखा था, छत पर सो रहा था,  सूर्योदय देखकर सोचा कि जल्‍दी दिन उग आया अभी कुछ नींद और खींच सकता था। और सूर्यास्‍त भी देखा तो सोचा कि पूरी ताकत से काम किया लेकिन दिन छोटा रह गया।
  30. हाफ कोर्ट से काउंट किया बॉस्‍केटबॉल में –  हां किया, मैं खुद अब तक सनाके में हूं कि बॉल बॉस्‍केट में पहुंची कैसे।
  31. समुद्र पर्यटन (cruise) पर गए - हां, ऊंट पर बैठकर।
  32. नियाग्रा फॉल्स स्वयं देखा - कम्‍प्यूटर पर ही देखा। ऑनलाइन। स्‍वयं देखा, ...
  33. पूर्वजों की जन्मभूमि देखने गए - अब तक वहीं जमा हूं।
  34. किसी कबीले के रहन सहन को नज़दीक से देखा - कबीलाई संस्‍कृति अब भी है बस अंदाज बदल गए हैं। कबीलों का शहरीकरण कह सकते हैं। एक मुखिया और बाकी प्रजा। संयुक्‍त परिवार भी एक कबीला ही होता है।
  35. अपने आप एक नई भाषा स्वयं सीखी- हां, सितारों की भाषा सीखी, पहले तो उन्‍हें सुन भी पाता था, अब केवल संकेत बचे हैं। ज्ञान बढ़ेगा तो और भी मूढ़ हो जाउंगा।
  36. इतना धन अर्जित किया कि पूर्णतया संतुष्ट हुए - कमाने से पहले ही संतुष्‍ट था, अब तो असंतुष्‍टता बढ़ रही है।
  37. पिसा की झुकती मीनार (Leaning Tower) देखी - गिरती देखी, कई पीसा की मीनारें, तब सोचा, तुलसी नर का क्‍या बड़ा समय बड़ा बलवान।
  38. रॉक क्लाइम्बिंग करी - बस देखता रहा, की नहीं, ओशो याद आ गए, वे कहते थे, साक्षी भाव से देखो, काया तो कष्‍ट देने से साक्षी भाव अपना लेना अधिक सहज है।
  39. कैरीओकी (karaoke) गाया - हें, हें, हें हें, कितनी बार करना है पता नहीं,
  40. किसी अंजान को रेस्तरां में खाना खिलाया - हां, टीना के साथ, टीना यानि देयर इज नो अल्‍टरनेटिव।
  41. अफ़्रीका गए - लोगों को एस्‍प्‍लोरेशन के अलावा और कोई काम नहीं है क्‍या।
  42. चांदनी रात में धोरों की सैर करी - हां, और गाना भी सुना, मोरिया आछो बोल्‍यो रे धरती रात मां। छनन, छन चूडि़यां, छमक गई रे बालमा..
  43. एम्बुलेन्स में ले जाया गया - हां, अपेंडिक्‍स का ऑपरेशन था, उस समय सबकी जान सूखी हुई थी और मैं आराम से लेटा हुआ सबको देख रहा था। इमरजेंसी ऑपरेशन हुआ।
  44. अपनी तस्वीर बनवाई (फोटो नहीं) - कई दिन से एक आर्टिस्‍ट को कह रहा हूं, लेकिन न मुझे समय मिल रहा है न उसे।
  45. बरसात में चुंबन लिया/दिया - हें हें रेगिस्‍तान में बारिश ही कम होती है, प्रायिकता के सिद्धांत के अनुसार बरसात और चुंबन को मिलाया जाए तो संभावनाएं बहुत क्षीण हो जाती है, सो हमने तो बारिश का इंतजार नहीं किया।
  46. मिट्टी में खेले- और किसमें खेलते।
  47. ड्राईव-इन सिनेमा देखा - यह क्‍या होता है।
  48. किसी फिल्म में नज़र आए - कई बार कोशिश की, लेकिन हीरो लोग ही डर जाते हैं, मेरी ओर इशारा करके निकलवा देते हैं यूनिट से।
  49. चीन की बड़ी दीवार देखी - आप महंगाई और सुविधाओं के बीच की बात कर रहे हैं।
  50. अपना व्यवसाय आरंभ किया- हां दो महीने किया और पता चला कि गलत धंधे में हैं, सो बंद कर दिया।
  51. मार्शल आर्ट की क्लास में भाग लिया - खुदा कसम, जब जब ठुकाई हुई तब तब प्रण किया कि मार्शल आर्ट सीखेंगे, लेकिन यह तमन्‍ना आज  तक तो पूरी नहीं हुई है।
  52. रूस गए - जो ऊपर की तरफ है। नहीं।
  53. लंगर/भंडारे में लोगों को खाना परोसा - हां, आनन्‍द आया।
  54. ब्वॉय स्कॉऊट पॉपकार्न अथवा गर्ल स्कॉऊट कुकीज़ बेची - इससे अधिक भी कई काम कर चुका हूं।
  55. समुद्र में व्हेल देखने गए - नहीं लेकिन भूत देखने के लिए गया हूं। ऐसी जगहों पर रातें बिताई है जहां लोग दिन में भी नहीं जाना चाहते।
  56. खामखा बिना वजह किसी ने फूल दिए - हां,
  57. रक्त दान किया - किया लेकिन काम नहीं आया।
  58. नाज़ी कॉन्सनट्रेशन कैम्प देखा - मेरे घर में था, अब बंद हो गया है। आपको भी दिखाता कुछ साल पहले।
  59. खुद का दिया बैंक चैक बाऊंस हुआ - मेरी शक्‍ल ऐसी है कि लोग चैक ही स्‍वीकार नहीं करते।
  60. बचपन के किसी मनपसंद खिलौने को बचा के रखा- नहीं, पहले ही उसका बंटवारा हो गया था। एक कैलकुलेटर है। पर वह बचपन का नहीं टीन एज का है।
  61. राज घाट पर गांधी समाधि देखी - हां देखी, तीन बार, घण्‍टों वहीं बैठा रहा। क्‍योंकि बाहर गर्मी ज्‍यादा थी और वहां सुकून मिल रहा था।
  62. कैवियार (मछली के अंडों का अचार) खाया - शाकाहारी होने का यही नुकसान है कि जयपुर जाकर आमलेट खाना पड़ता है।
  63. रजाई का कवर सिला - हां और भी बहुत कुछ ऐसा किया है। मिट्टी से बर्तन भी मांझे हैं।
  64. चांदनी चौक गए- हां, :) हां
  65. घने जंगल में सैर की- जंगल ? कहां है।
  66. नौकरी से निकाले गए - नहीं, अब तक तो मैं खुद ही छोड़ता रहा हूं। मैं मालिक को मौका ही नहीं देता। :)
  67. हड्डी टूटी - कई बार। मांस भी फटा है और टांके भी आए हैं।
  68. तेज़ रफ़्तार मोटरसाइकल की सवारी करी- एक बार 120 की रफ्तार से अपनी पल्‍सर चला चुका हूं। अब तक की तो यह लिमिट है। अगली बार सर्विसिंग के बाद 130 पर चलाने की कोशिश करूंगा।
  69. अपनी किताब छपवाई - इतना लिख लेता तो कलेक्‍टर नहीं बन जाता। पूरे छात्र जीवन में नोट्स ही नहीं बनाए। अब ब्‍लॉगिंग ने लिखना सिखाया है।
  70. नई नवेली गाड़ी खरीदी - नहीं हमेशा उपहार में ही मिली है। पर मिली नई नवेली।
  71. अखबार में फोटो छपी - कई बार।
  72. नव वर्ष की पूर्व संध्या की मध्यरात्रि किसी अंजान का चुंबन लिया - क्‍यों बताउं।
  73. राष्ट्रपति भवन की सैर करी - हां,
  74. किसी जानवर का शिकार कर खाया - शाकाहारी हूं भाई।
  75. चिकन पॉक्स झेला- हां,
  76. किसी की जान बचाई - ऊपरवाला ही बचाता है। लेकिन मुझे वहम है कि कुछ लोगों की बचा चुका हूं।
  77. जज अथवा जूरी बन निर्णय सुनाया (किसी प्रतियोगिता में या न्यायालय में)- अब तक तो प्रतियोगी ही बना हूं।
  78. किसी प्रसिद्ध व्यक्ति से मुलाकात करी - कई लोगों से मिला हूं। वे सामान्‍य हाड मांस के पुतले लगते हैं। उन्‍हें देखकर भाग्‍य पर अधिक भरोसा होने लगता है।
  79. बुक क्लब की सदस्यता ली - कई जगह, अभी भी सदस्‍य हूं।
  80. किसी अज़ीज़ को खोया - हां पिंकू को खोया, मेरा कुत्‍ता था, मैं उससे प्‍यार करता हूं।
  81. शिशु का पिता बना - यह ऐसा अनुभव है जिसे बयां नहीं किया जा सकता।
  82. किसी कानूनी मुकदमे में शरीक हुए/रहे - एक मुकदमे का हिस्‍सा तो पिछले सत्‍ताईस साल से हूं
  83. सेल फोन के मालिक हैं/रहे - हां, कॉल कीजिएगा। 09413156400
  84. मधुमक्खी ने डंक मारा- हां, कई बार, लोहे की चाबी से रगड़ा तो दुरुस्‍त हुआ।

बुधवार, 29 अप्रैल 2009

आखातीज के कुछ क्षण








आखातीज पर बीकानेर मे जमकर पतंगबाजी हुई। 
देखिए कुछ तस्‍वीरें। 

मंगलवार, 21 अप्रैल 2009

रिंग रिंग रिंगा- भाग दो

शहर से गांव और पश्चिम से भारत की ओर

मार्केटिंग के लोग अपने क्षेत्र के सर्वाधिक जुमले से हमेशा बचने की कोशिश करते हैं। और यह जुमला है कि मार्केट सेचुरेट हो चुका है। यानि वे अपने मालिकों को बताते हैं कि आपका ब्रांडेड बासी माल यहां और नहीं बिक सकता। लेकिन शीर्ष प्रबंधन कभी यह बात सुनना नहीं चाहता, तो पलटवार के लिए एक और सवाल होता है कि जब और माल नहीं बिक सकता तो लाखों रूपए और इंसेटिव डकारने वाले भारी भरकम स्‍टाफ की क्‍या जरूरत है।

मार्केटिंग प्रोफेशनल्‍स को सवाल और सवाल का जवाब दोनों पता है सो वे इस जुमले से पर्याप्‍त दूरी बनाए रखते हैं और विकल्‍प के रूप में दूसरा पैंतरा फेंकते हैं वह है नया बाजार। यानि बड़े बाजार से ध्‍यान हटाकर छोटे बाजारों का रुख किया जाए। अब ब्रांडेड एसी और एडीडास के शो रूम तहसील स्‍तर पर खुलने लगते हैं। फसल से आया पैसा महंगे ब्रांडों की भेंट चढ़ने लगता है। गांव करै ज्‍यां गैली करे। यानि एक जैसा करता है वैसा ही दूसरा करता  है और अंत में पूरा गांव उसमें लग जाता है। इस तरह मार्केटिंग के लोग शहर से गांव की ओर भागते हैं। नया बाजार ब्रांडेड बासी माल को और कुछ दिन बेच लेता है। मिलें बंद करने का संकट और स्‍टाफ को हटाने का काम कुछ दिन के लिए टल जाता है।

यह है सामान्‍य ज्ञान- अब मुझे याद आ रहा है स्‍लमडॉग का रिंग रिंग रिंगा। यानि भारतीय कन्‍याओं को बचाने के लिए स्‍वयं अमरीका ही आ खड़े होने की कोशिश करेगा। भले ही उसकी हालत अभी कटोरा लेकर हमारे दरवाजे पर आने की है लेकिन आएगा मसीहा बनकर।

पश्चिम की मीडिया ने फर्श से अर्श पर पहुंचे लोगों और उनके संबंधियों के साथ पश्चिम में इस तरह के स्टिंग ऑपरेशन्‍स किए होंगे। लेकिन इस बार भारत आकर इस तरह का स्टिंग ऑपरेशन किया और एक भरे पूरे मुल्‍क की इज्‍जत को अंतरराष्‍ट्रीय स्‍तर पर इस तरह उछाल दिया मानो सोमालिया के गृह युद्ध के बाद का दृश्‍य भारत में बना हुआ हो। कमाल तो तब होगा जब बिके हुए नेतागण देश की समस्‍याओं का समाधान भी पश्चिम के विशेषज्ञों से कराने लगेंगे। तब उन लोगों की पंचायती बढ़ेगी। और तभी हमें महसूस होगी असली आर्थिक और राजनैतिक परतंत्रता।

रविवार, 12 अप्रैल 2009

एक और गधे की कहानी

मेरे एक वरिष्‍ठ साथी ने मुझे एक गधे की कहानी सुनाई। कहानी मैंने कई दिन पहले सुनी लेकिन अब भी मेरे दिमाग में यह कहानी घूम रही है। सो अब इसे अपने ब्‍लॉग पर डाल रहा हूं। 

एक गांव में एक धोबी के पास एक गधा था। उस धोबी के घर के पास एक सूखा हुआ गहरा कुआं था। रोजाना गधा कुएं के पास से गुजरता। एक दिन गधा कुएं में गिर गया। उस समय धोबी घाट पर था। गधे की किसी ने सुध नहीं ली। वह शाम तक कुएं में गिरा कहराता रहा। शाम को मालिक घर आया तो उसने देखा कि गधा कुएं में गिर चुका है। अड़ोस पड़ोस के लोग एकत्रित हो गए। सबने मिलकर निर्णय किया इस घरों के बीच खुदा हुआ यह सूख कुआं खतरनाक हो सकता है सो इसे भर दिया जाए। गांव वालों ने मिट्टी लाकर कुएं में डालनी शुरू की। यह गधा कृष्‍ण चंदर के गधे की तरह इंसानों की बातों को समझने वाला था।बस इसमें अधिक अक्‍ल यह थी कि कभी इंसानों की बोली नहीं बोलता था। उसने सुना कि उसे जिंदा दफन करने की तैयारी हो रही है। पहले पहल तो वह गधा खूब रेंका और अपनी ही भाषा में चिल्‍लाता रहा कि हरामखोर धोबी मैंने जिन्‍दगीभर तेरी गुलामी की तूं उसकी यह सिला दे रहा है। 
लेकिन गधे की बात किसी ने नहीं सुनी। कुएं को भरना शुरु कर दिया गया। जैसे जैसे कुएं में मिट्टी गिरती गई गधा चतुराई से मिट्टी के ढेर पर चढ़ता रहा। घण्‍टों की मशक्‍कत के बाद गांव वालों ने कुएं को मिट्टी से भर दिया। ढेर पर चढ़ता हुआ गधा भी ऊपर तक आ गया। अपने गधे को सुरक्षित देख मालिक चिल्‍लाया कि मेरा गधा वापस आ गया। लेकिन अब तक गधे का मन भी फिर चुका था। उसने अपने ही मालिक को दुल्‍लती मारी और बोला कौनसा मालिक कैसा मालिक। मुझे तो तुम कुएं में ही दफन कर रहे थे। 
ऐसा कहकर गधा चला गया और मालिक देखता रह गया। कुछ गधे अब भी बड़े संस्‍थानों में काम कर रहे हैं। जब वे कुएं में गिरेंगे तो उन्‍हें निकालने के बजाय उन पर मिट्टी ही डाली जाएगी। :) 

शनिवार, 11 अप्रैल 2009

दो कम्‍युनिस्‍ट दो विचार

कम्‍युनिज्‍म जब अपने स्‍वर्णकाल में था तब भारत के कई साम्‍यवादी विचारधारा वाले नेताओं को रूस बुलाया गया था। उसी खेप में मेरे ताऊजी शिवकिशन जोशी भी रूस जाकर आए थे। अपने जीवनकाल में मार्क्‍स के अंधभक्‍त बने रहे। हर सवाल का मार्क्‍सवादी जवाब उनके पास हमेशा तैयार रहता। किसी भी घटना या स्‍टेटमेंट को वे वर्ग संघर्ष से जोड़ देते। सुनने वाला बस मुंह बाए देखता रहता। उत्‍तरी पश्चिमी राजस्‍थान में लेफ्ट को कई बार सफलता भी मिली है। श्‍योपत सिंह ने तो जैसे इतिहास ही रच दिया था। 

ग्‍लोबलाइजेशन के बाद मार्क्‍सवाद नीचे आ रहा था और युवाओं की बजाय पुराने घिसे पिटे लोग ही अधिक नजर आते थे। ज्‍यादातर साम्‍यवादी कुण्‍डली मिलान कर विवाह कर चुके थे और घर के कोनों में मंदिर भी स्‍थापित कर चुके थे। मार्क्‍स के बाद इन साम्‍यवादियों को बस ऊपरवाले से ही चमत्‍कार की उम्‍मीद बाकी थी। ऐसे में एक दिन मेरे ताऊजी अपने कुछ साथियों के साथ प्रख्‍यात ज्‍योतिषी के पास पहुंचे और उन्‍हें आगामी एक महीने के सभी मांगलिक दिनों की जानकारी मांगी। ज्‍योतिषी भी हैरान कि कामरेड ज्‍योतिष में कब से विश्‍वास करने लगे। उन्‍होंने दो चार तिथियां बताई। लेकिन कामरेड सभी तिथियों की मांग कर रहे थे। कुछ देर तो ज्‍योतिषी महाशय ने संयम बनाए रखा फिर चिढ़ गए। बोले भाई कामरेडों आप लोगों को कब से मुहूर्त की जरूरत पड़ने लगी। तो कामरेड भी मुस्‍कुरा दिए। बोले हमारे एक बड़े नेता यहां आने वाले हैं। और हम चाहते हैं कि कोई बड़ा भवन किराए पर लेना चाहते हैं। एक दो तिथियां बताई तो भवन वालों ने बुकिंग हुई होने का कहकर उन्‍हें टाल दिया। इसलिए वे पता करना चाह रहे थे कि कौन-कौनसे दिन मांगलिक हैं जिनमें अच्‍छे काम होने हैं। ताकि उन दिनों को टालकर बाकी दिनों पर विचार कर आम सहमति से दिन तय करने की कोशिश की जाए। 
ज्‍योतिष महाशय ने यह सुना तो उनका पारा सातवें आसमान पर चढ़ गया। पांचांग तो छोड़ दिया और कामरेडों को भद्दी गालियां देने लगे। मेरे ताऊजी साथ में थे सो उन्‍होंने किसी तरह पंडितजी को शांत किया और किसी दूसरे ज्‍योतिषी से तारीखें निकलवाई। 

पिछले दिनों कामरेडों की दूसरी शक्‍ल भी देखने को मिली। एमपी का चुनाव लड़ रहे एक कामरेड को पता चला कि बीकानेर में एक हनुमान मंदिर है। उनका नाम है पॉलिटिकल बाबा। उनका आशीर्वाद मिलने से बेड़ा पार हो जाता है। साथ ही उन्‍हें यह सूचना भी पहुंचा दी गई थी कि भाजपा के प्रत्‍याशी यहां पहले ही आशीर्वाद लेने पहुंच चुके हैं। सो कामरेड अपने दल बल के साथ आए हनुमान बाबा का आशीर्वाद लेने। बातचीत में तो वे यही कहते रहे कि यह क्रांतिकारियों की धरती है लेकिन दबे स्‍वर में यह भी स्‍वीकार कर रहे थे कि जात पांत के असर को तो देखना ही पड़ेगा। बाबा के दर्शन के बाद कामरेड ने मंदिर के पास ही रहने वाले एक ज्‍योतिषी महाराज का आतिथ्‍य भी स्‍वीकार किया। वही ओज, वही तेज और उतने ही तेज स्‍वर में विचारों का संप्रेषण। मुझे ताऊजी याद आ गए। लेकिन एक अलग रूप में। पता नहीं कहां है मार्क्‍स और उसका वर्ग संघर्ष... 
यह थी दो कामरेड और दो विचारों की एक तस्‍वीर। 

मंगलवार, 24 मार्च 2009

एक माइक्रोपोस्‍ट...

वायदा बाजार 
किसानों और निर्यातकों के भले के लिए शुरू हुआ 
अब न किसानों को सही भाव मिलते हैं न निर्यातकों को
सटोरिए पूरी व्‍यवस्‍था पर हावी हैं 

ब्‍लॉगिंग 
इससे कैसे, कब, क्‍यों और कहां जुडे 
कब नियमित लिखना शुरू किया
कौन हमारे लेखन को प्रभावित करता है 
अगली पोस्‍ट में क्‍या लिखना है कौन बताएगा 
किसके फायदे के लिए यह किया जा रहा है 
और किसे इसका फायदा हो रहा है। 

शनिवार, 14 मार्च 2009

गुजरना तूफान से तूफान का...

इन दिनों दूसरों के लिखे ब्‍लॉग लगातार पढ़ रहा हूं। एक साल बाद कुछ लोग ऐसे मिले हैं जिन्‍हें पढ़कर लगता है ठीक है कुछ देर रुकते हैं कहीं और से भी रोशनी आ रही है। इन दिनों एक ब्‍लॉग का तो बस फैन ही हो गया हूं। इस ब्‍लॉग के लेखक को तो मैं नहीं जानता लेकिन इस ब्‍लॉग की हर पोस्‍ट को अच्‍छी तरह पढ़ चुका हूं। ब्‍लॉग का नाम है


इसमें निशान्‍त मिश्र जी ऐसी सुंदर कथाएं संग्रह की हैं कि दिल चाहता है उनके हाथ चूम लूं। हर एक कथा एक तूफान की तरह दिमाग में घुसती है और पहले से चल रहे तूफान से टकरा जाती है। विचारों का प्रवाह पहले से ही रोलर कोस्‍टर पर बिठाए रखता है। इसके साथ निशांतजी के झोंके जैसे उद्वेलित कर देते हैं। हर पोस्‍ट पढ़ने के बाद कुछ देर के लिए कम्‍प्‍यूटर बंद कर देता हूं। सोचने का मसाला जो मिल जाता है। काफी देर सोचने के बाद दिमाग इतना शांत हो जाता है कि कुछ और लिखने का जी ही नहीं चाहता। मैं इस ब्‍लॉग को ट्रैक्‍यूलाइजर ब्‍लॉग कहूंगा। जहां अधिकांश ब्‍लॉग भड़ास निकालने या पानी में हलचल बढ़ाने का काम कर रहे हैं वहीं ये प्रेरक कथाएं दिल और दिमाग को कुछ देर की शांति दे जाती हैं। मेरे ब्‍लॉग पर आने वाले सभी पाठकों को निवेदन करूंगा कि एक बार निशांतजी के ब्‍लॉग पर अवश्‍य जाएं। वहां हर किसी के लिए कुछ खास जरूर मिलेगा। 

गुरुवार, 12 मार्च 2009

राम राम सा

होली से पहले सोचा था कि इस बार खूब लिखूंगा होली के बारे में लेकिन फाग की तरंग ऐसी चढ़ी कि लिखना ही भूल गया। आज होली की हुडदंग खत्‍म हुई तो दो बातें लिखनी जरूरी समझी। पहली इलोजी का रूदन और दूसरी रम्‍मत या तमाशा। 
होलिका दहन के बारे में दोबारा बताने के बजाय मैं बताना चाहूंगा इलोजी के प्रेम के बारे में। साधिका होली का विवाह इलोजी से हो चुका था लेकिन गौना नहीं हुआ था। भक्‍त प्रहलाद को मारने की गरज से होलिका ने अपने नियमित अग्निस्‍नान के दौरान प्रहलाद को साथ लिया लेकिन संतों और साधुओं के नग्‍न नृत्‍य ने होलिका का ध्‍यान बंटा दिया और वे जलकर खाक हो गई। होलिका के राख हो जाने के बाद र्इलोजी घटनास्‍थल पर पहुंचते हैं और शरीर के  राख लपेटकर रूदन करते हैं। बाद में इसी होली की राख से कुंवारी कन्‍याएं गौरी पूजन करती हैं। आखिर में गौरी और  ईसर का मिलन होता है। ऐसा माना जाता है कि गौरी और ईसर पूर्व जन्‍म में होलिका और ईलोजी थे। बीकानेर में एक मोहल्‍ला है जिसका नाम है साले की होली। यहां बीकानेर की सबसे बड़ा होलिका दहन होता है। इसकी आग की लपटें करीब अस्‍सी फीट ऊपर तक जाती हैं। शहर के करीब हर हिस्‍से के लोग इस होली को देखने आते हैं। इसके अलावा इस होली की एक खास बात और है वह यह है कि इस होलिका के दहन को  ईलोजी सामने बैठकर देखते हैं। यहां के मोहतों के चौक से ईलोजी को पूरे ठाठ बाट से लाया जाता है। ईलोजी के पहुंचने के बाद ही होलिका दहन शुरू होता है। 

अब बात रम्‍मतों की। मेरी रम्‍मतों वाली पोस्‍ट पढ़ने के बाद जालौर के श्रीमधुसूदनजी  व्‍यास का फोन आया मेरे पास। उन्‍होंने बताया कि बीकानेर और जैसलमेर में जिस लोकनाट्य को रम्‍मत कहा जाता है राजस्‍थान के अन्‍य शहरों में उसी रम्‍मत को तमाशा कहा जाता है। राज्‍य के अन्‍य हिस्‍सों में होली के  दूसरे दिन से हाडी रानी, अमरसिंह राठौड़ और फक्‍कड़दाता की रम्‍मतें शुरु हो जाती हैं। जबकि बीकानेर में होली से सात दिन पहले ये लोकनाट्य शुरू होते हैं और होलिका दहन से एक दिन पहले तक चलते हैं। धुलण्‍डी के दूसरे दिन तो सबकुछ शांत हो जाता है। जीवन फिर से पहले जैसा हो जाता है। हां, ठीक अगले दिन कुछ लोग राम राम के लिए निकलते हैं। बच्‍चों को पगेलागणा के बदले आशीर्वाद और पैसे मिलते हैं और बड़ों को आशीर्वाद और मिठाई। 

कल पोस्‍ट करूंगा होली से संबंधित कुछ फोटो... 

गुरुवार, 5 मार्च 2009

रुत आई पपैया थारे बोलण री

रुत आई रे पपैय्या थारै बोलण री रुत आई रे...

महज दस दिन में सर्द हवाएं जैसे गायब हो गई हैं। दिन की तल्‍ख धूप के बाद रेत के धोरों से ठण्‍डी होकर आई हवाएं माहौल में मद घोल देती हैं। ऐसी ही शीतल बयार और शांत वातावरण के बीच चंग की आवाज दूर तक सुनाई देती है और बोल ऐसे कि कदम खुद रुक जाएं। चंग के साथ छमछमों की आवाज थिरकने को मजबूर कर देते हैं। इस बीच बीकानेर में इन दिनों चल रही है होली के धमाल की तैयारी। एक ओर होली की छेड़छाड़ की तैयारियां चल रही हैं वहीं रम्‍मतों और स्‍वांग ने शहर की रंगत ही बदलकर रख दी है। दिन में मानों शहर सोया रहता है और रात ढलते ही गली मोहल्‍ले जीवंत हो उठते हैं।

पहले बात रम्‍मतों की

जहां तक मेरी जानकारी है रम्‍मत का रिवाज केवल बीकानेर में ही है। यहां होली से करीब सात दिन पहले रम्‍मतें शुरू हो जाती है। इनमें प्रमुख हैं हड़ाऊ मैरी, फक्‍कड़ दाता और अमर सिंह राठौड़ की रम्‍मत। रम्‍मत वास्‍तव में एक प्रकार का लोकनाट्य है। इसमें मोहल्‍ले के बीचों बीच स्थित पाटे जिनका उल्‍लेख मैं पहले कर चुका हूं, पर एक नाटक का मंचन किया जाता है। इसमें कलाकार बाहर से नहीं बुलाए जाते बल्कि गली मोहल्‍लों के ही कलाकार पाटे पर पहुंचते हैं और पूरी रात नाटक का मंचन चलता है। लेकिन पाटे पर चढ़ने की राह इतनी आसान भी नहीं होती। पहले सर्वसम्‍मति से कलाकार तय होते हैं। हफ्तों और महीनों पहले इसका अभ्‍यास शुरू हो जाता है। और जब कलाकार मंच पर होते हैं तो एक एक पेज तक के डॉयलॉग एक सांस में बोल जाते हैं। ऐसा बहुत कम ही हुआ है कि कोई कलाकार स्‍टेज पर अपना डॉयलॉग भूला हो। 

हड़ाऊ मैरी की रम्‍मत जहां प्रेम कहानी है वहीं अमर सिंह राठौड़ की रम्‍मत वीर रस से ओतप्रोत होती है। इन नाटकों को लिखा भी स्‍थानीय लोगों ने ही है। रम्‍मत के दौरान ही ख्‍याल भी गाए जाते हैं। ख्‍याल एक प्रकार से तत्‍तकालीन सामाजिक और राजनैतिक व्‍यवस्‍थ पर कटाक्ष होते हैं। स्‍थानीय नेता और जनप्रतिनिधि भी कई बार इन समारोहों में मौजूद रहते हैं और ख्‍याल के दौरान हुए कटाक्ष को हंसते हुए झेलते हैं। उनके पास सिवाय बड़े बूढ़ों के पैर छूने के और कोई ईलाज नहीं होता।

फागणिया फुटबॉल और स्‍वांग

यह भी बीकानेर की अनूठी परम्‍परा है। यहां के पुष्‍करणा स्‍टेडियम में होली से पहले एक दिन फागणिया फुटबॉल भी खेली जाएगी। जिसमें बराक ओबामा से ओबामा बिन लादेन तक सभी शिरकत करेंगे। अस्‍पताल का रोगी और कुंवारी कन्‍या के पीछे भागता साधू भी नजर आ जाएगा। हां जी यह है फागणिया फुटबॉल और जिन लोगों को आप देखेंगे वे होंगे स्‍वांग। यानि बहूरूपिए। बीकानेर के गली मोहल्‍लों में ये स्‍वांग अभी दे दिखाई देने लगे हैं। कई बार तो अजीब स्थिति तब होती है जब अपने काम से जा रहे आदमी को अचानक पीछे से एक युवती आकर दबोच लेती है। आदमी सचेत हुआ तो उसे पता चल जाएगा कि यह युवती का स्‍वांग किए लड़का है तो वापस सहज हो जाएगा वरना बुरी तरह झेंपेगा। कई आदमी तो इतना अच्‍छा स्‍वांग रचाते हैं कि भेद करना मुश्किल हो जाता है कि आदमी है कि औरत। अच्‍छी तरह साफ की गई दाड़ी और गहनों से लदे आदमी की मर्दानगी वेषभूषा में पूरी तरह छिप जाती है।

होली के गीतों और गेवर पर बात अगली पोस्‍ट में ....

यादवेन्‍द्र शर्मा चंद्र नहीं रहे

एक  सूचना 


प्रसिद्ध साहित्‍यकार यादवेन्‍द्र शर्मा चंद्र नहीं रहे। हजार घोड़ों का सवार सहित सवा सौ पुस्‍तकें लिखने वाले यादवेन्‍द्र शर्मा चंद्र ने मीरा पुरस्‍कार सहित तमाम प्रकार के पुरस्‍कार लिए और अंत तक सादा जीवन जीया। अपनी पत्‍नी जिसे वे भट्टाचार्य के नाम से पुकारते थे, के साथ अंतिम दिनों तक बीकानेर स्थित अपने ही छोटे से घर में रह रहे थे। पिछले दिनों तबियत बिगड़ने पर उन्‍हें एम्‍स ले जाया गया। वहां एक महीने के इलाज के बाद बीकानेर के पीबीएम अस्‍पताल लाया गया। जहां दो-तीन दिन आईसीयू में भर्ती रहने के बाद उन्‍होंने इस ग्रह को अलविदा कह दिया। हिन्‍दी के अलावा मायड़ भाषा में उनके किए कार्यों को लोग लम्‍बे समय तक याद रखेंगे। जनकवि हरीश भादाणी, चिंतक नन्‍दकिशोर आचार्य सहित साहित्‍य से जुड़े तमाम लोगों को साहित्‍य के बड़े भाई के निधन पर शोक हुआ है। मेरा उनसे परिचय इतना था कि बचपन में एक बार उनके घर गया तो उन्‍होंने खुद की लिखी कहानियों की एक छोटी सी किताब मुझे भेंट की थी। इसके बाद कभी उनसे मुलाकात नहीं हो पाई थी।

देश में बीकानेर को पहचान और सम्‍मान दिलाने वाले चंद्र की आत्‍मा को ईश्‍वर शांति दे।

उनकी एक पुस्‍तक मरु केसरी की झलकी देख सकते हैं।

बुधवार, 4 मार्च 2009

ऐसो बंसी बजाइ रे कान्‍हा महलां में सुणीजे रे...

बीकाणे में जमा होली का रंग
कहते हैं बीकानेर में होली गुजरने के छह महीने तक उसका असर बना रहता है और छह महीने पहले होली की रंगत शुरू हो जाती है। यहां के व्‍यासों को तो साल के किसी भी दिन होली की तरंग में आने की बाकायदा छूट मिली हुई है। वे कभी भी कुछ भी कर सकते हैं। अब जब होली में कुछ ही दिन बाकी बचे हैं तो होली की रंगत परवान पर चढ़ चुकी है। तंग गलियों, खुले मोहल्‍लों और शहर की फसील से सटी चाय-पान की दुकानों पर होली के रसिए शाम ढलते ही एकत्रित होना शुरू हो जाते हैं। डफ (चंग) के साथ के साथ रसियों की फौज जैसे मस्‍ती का माहौल बनाती है, उसे देखकर आने जाने वाले भी रुककर कुछ देर संगीत का आनन्‍द लेते हैं। 

ऐसो बंसी बजई रे कान्‍हा महलां में सुणीजे रे...
महलां मांई मोरनी अर नाचण लागी रे... ऐसो.. 

रात गहराने के साथ धोरों से लिपटकर आई बयार फिजा में कुछ ऐसी मस्‍ती घोल देती है कि आठ से साठ सभी मस्‍ती की तरंग में झूमने लगते हैं। बीकानेर में शाकद्वीपीय ब्राह्मणों की खेलणी सप्‍तमी के दिन से होली की अधिकारिक घोषणा हो जाती है। यानि इस दिन से होली की मजाक, गीत और तराने हर कहीं सुनाई देने लगते हैं। अब किसी ने बुरा माना तो वह खुद बुरा बन जाएगा। तैयार रहिए होली की मजाक के लिए। 
अगली पोस्‍ट में बताउंगा होली की रम्‍मतों और गीतों के बारे में... 

सोमवार, 23 फ़रवरी 2009

कुछ दिन पहले एक साल हो गया

मुझे सक्रिय रूप से ब्‍लॉग में लिखते हुए कुछ दिन पहले एक साल हो गया है। मुझे ठीक से याद नहीं कि पहला दिन कौनसा था लेकिन फरवरी 2008 में मैंने लेख लिखने शुरू कर दिए थे। अपनी ब्‍लॉगर प्रोफाइल देखता हूं तो पता चलता है कि मैं ब्‍लॉगिंग से जुलाई 2006 से जुड़ा हुआ हूं। लेकिन तब मैंने एकाध पोस्‍ट लिखी और लम्‍बे समय तक चुप हो गया। एक तो पत्रकारिता में बुरी तरह उलझा हुआ था दूसरे कुछ ही दिन में मेरा पुत्र कान्‍हा पैदा हो गया था। सो जिन्‍दगी ने ऐसी रफ्तार पकड़ी कि अब तक रोलर कोस्‍टर राइड कर रहा हूं। हां, छोटे शहर की अपने तरह की राइड है, लेकिन है तेज ही।

मेरा पहला ब्‍लॉग यही दिमाग की हलचल था। शुरू में पता नहीं था कि क्‍या लिखें कैसे लिखें। तो मैंने अपने ब्‍लॉग का नाम दिया था दर्शन और अध्‍यात्‍म। फिलासाफी में एमए किया था तो सोचा कि अब तक पढ़ने के बाद चर्चा से तैयार हुआ ज्ञान नेट पर बिखेरा जाए। कुछ ही दिन में गलती पता चल गई और लगा कि कई धुरंधर लोग मुझसे अधिक कूटा-छाना हुआ पेश कर रहे हैं तो फिर रुक गया। इसी दौरान एक और ब्‍लॉग बना लिया ज्‍योतिष दर्शन। इसमें मेरे पास ढेर सा मसाला था जिसे मैं नेट पर शेयर कर सकता था। लिखना शुरू किया तो दिशा नहीं थी। शुरू में तो एग्रेगेटर्स से भी नहीं जुड़ा था सो मैं लिखता और लोगों को घर बुलाकर नेट चलाकर दिखाता और लेख पढ़वाता था। बाद में धीरे-धीरे इंटरनेट की यु‍‍टीलिटीज के बारे में जानकारी एकत्रित की। हर दिन कुछ नया सीखता। टैम्‍पलेट, एचटीएमएल, यूनीकोड फोंट, हिन्‍दी टूल जैसी सैकड़ों चीजें सीखी। आज की तारीख में महज गूगल के ही 27 टूल इस्‍तेमाल कर रहा हूं। इस दौरान ही वर्डप्रेस पर भी गया। वहां ज्‍योतिषी नाम से एक ब्‍लॉग बनाया। लेकिन वह अधिक सफल नहीं हुआ। बाद में मैंने इसे बदलकर ज्‍योतिष प्रवेशिका कर दिया। समय आने पर इसमें बहुत सा मैटर पेल सकूंगा।

ज्‍योतिष दर्शन और दिमाग की हलचल के बाद नम्‍बर आया भड़ास का। पत्रकारों के इस ब्‍लॉग में पहले सदस्‍यता के लिए मेल नहीं करनी पड़ती थी। यह सबके लिए खुला था। मैंने लॉगइन किया और बन गया सदस्‍य। शुरू में कुछ लिखना भी शुरू किया लेकिन बाकी लोग इतना भीषण लिख रहे थे कि मेरी हिम्‍मत ही नहीं होती थी उस स्‍तर पर जाने और वैसा लिखने की। धुरंधर लोगों के बीच बस पाठक के रूप में शामिल रहा। अब इस ब्‍लॉग में कुछ सुधार हुआ है सो लिखने का मन करने लगा है। शीघ्र ही कुछ बिंदुओं के साथ भड़ास पर लिखना शुरू करूंगा। हां इस कम्‍युनिटी ब्‍लॉग पर लगे मेरे ब्‍लॉग के लिंक से बहुत से लोग मेरे पास आए। यह जानकारी मुझे दी गूगल एनालिटिक्‍स ने।

इसके बाद बना मेरे अंचल की कहावतें ब्‍लॉग। जयपुर के ब्‍लॉगर राजीव जैन से चैट के दौरान में लगातार लोकोक्तियां इस्‍तेमाल कर रहा था। उन्‍होंने मुझे प्रोत्‍साहित किया और एक कम्‍युनिटी ब्‍लॉग बनाने के लिए कहा। बातचीत के दौरान ही मैंने वह ब्‍लॉग बना दिया। कहावतें नाम से यूआरएल भी मिल गया। पहली ही रात इस ब्‍लॉग के दो सदस्‍य बन चुके थे। बाद में और लोग भी जुड़े। आज इसके 19 लेखक हैं। कुछ लेखक तो नियमित रूप से इसमें लिखते हैं तो कुछ ने एक समय विशेष में लिखा। इन दिनों उनकी कहावतें नहीं आ रही। लेकिन इस खूबसूरत ब्‍लॉग में हर लेखक का योगदान अमूल्‍य है। एक मॉडरेटर के रूप में मुझे जो लोगों का प्रेम और विश्‍वास मिला उसे शब्‍दों में व्‍यक्‍त नहीं किया जा सकता।

कहावतें ब्‍लॉग के बाद पिछले दिनों अपनी भाषा में कुछ करने का मन हुआ। हालांकि इससे पहले अविनाश वाचस्‍पति जी मुझे सलाह दे चुके थे कि अधिक संख्‍या में ब्‍लॉग बनाओगे तो उनमें नियमित रूप से लिखने में कठिनाई होगी। पर यहां समस्‍या यह है कि हर विषय और स्‍वाद के अनुसार ब्‍लॉग तो अलग रखना ही पड़ेगा। वरना एक ही ब्‍लॉग में खिचड़ी बन जाएगी। सो अपनी मातृभाषा के लिए कुछ करने के उद्देश्‍य से शुरू किया आपणी मायड़ ब्‍लॉग। इस ब्‍लॉग में शुरू में मैंने वैद्य सत्‍यनारायणजी व्‍यास सा की कविताएं प्रस्‍तुत की हैं। उनके नायक नायिका भेद को भी ब्‍लॉग में उतारने के बाद मैं आपणी मायड़ में बीकानेर में मायड़ भाषा को लेकर हो रही गतिविधियों को परोसने का प्रयास करूंगा। आज-कल में न सही दो पांच या दस साल में यह महत्‍वपूर्ण ऑनलाइन दस्‍तावेज बन जाएगा।

भड़ास और कहावतें के अलावा नुक्‍कड़, भारतीय शिक्षा और भारतीय ज्‍योतिषी कम्‍युनिटी ब्‍लॉगों का भी सदस्‍य हूं। लेकिन इनमें मैंने बहुत नहीं लिखा है। नुक्‍कड़ में तो अब तक एक भी लेख नहीं लिख पाया हूं। कहते हुए शरमा तो रहा हूं लेकिन एक ब्‍लॉग मैंने अंग्रेजी में भी बनाया। इसे बनाने के दो कारण थे। पहला तो यह कि कई हिन्‍दी ब्‍लॉगर्स ने मुझसे पूछा कि आपको गूगल एडसेंस ने कैसे जोड़ लिया हमें तो वह अनसपोर्टेड लैंग्‍वेज कहकर छिटका देता है। यही समस्‍या मेरे साथ भी आई थी। मैंने अपने स्‍तर पर गूगल एडसेंस से बातचीत की और उन्‍हें एड देने के लिए मना लिया। बाद में गूगल ने एड तो दिए लेकिन सार्वजनिक सेवा विज्ञापन ही देता रहा। तब मैंने दूसरे ब्‍लॉगर्स को बताने के लिए और गूगल एडसेंस को चेक करने के लिए अंग्रेजी में 99 ka pher नाम से ब्‍लॉग बनाया। इसमें मैंने पैसा कमाने के तरीके बताने शुरू किए। हालांकि अब तक मैंने केवल यही बताया है कि एडसेंस से कैसे वार्ता की जाए कि वे एड देने के लिए हिन्‍दी ब्‍लॉगर को रजिस्‍टर कर लें। चार लेख से आगे यह ब्‍लॉग बढ़ नहीं पाया है। इसके दो कारण हैं। पहला तो यह कि पैसा कमाने के प्रति मेरी बहुत अधिक रूचि नहीं है। एडसेंस से एड लेना प्रतिष्‍ठा का विषय बना तो ले लिए। दूसरा कारण अंग्रेजी में हाथ तंग होना तो है ही। :)

इस तरह एक साल का समय कुछ ऐसे बीता कि पता ही नहीं चला कि कब एक साल हो गया। बस लिखता गया और बढ़ता गया। मुझे लगता है कि आज जो लेख लिखा है यह मुझे पांच साल बाद लिखना चाहिए। उम्‍मीद करता हूं कि फरवरी 2013 में एक बार फिर मैं ऐसा लेख लिखूं जिसमें बहुत सारी यादें हों। वैसे यादें तो अब तक की भी हैं। मसलन स्‍त्री की सुंदरता के विषय में लिखने के बाद महिला ब्‍लॉगरों से झाड़ खाना, टिप्‍पणी पर लिखकर समीर भाई को छेड़ देना, भड़ास पर मन नहीं लगने की बात कहकर हलचल पैदा करना। लेकिन कहीं भी मेरा मंतव्‍य ऐसा नहीं था कि हलचल पैदा करूं। हां, वे सभी हलचलें मेरे दिमाग में जरूर थीं।

अब तक सभी ब्‍लॉगरों से सहयोग, प्‍यार, आशीर्वाद और विचार मिले हैं। आशा करता हूं कि आगे भी मिलते रहेंगे...

शनिवार, 21 फ़रवरी 2009

कुरजां के साथ एक दिन

शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2009

इन्‍हें फेल कर दो

समीरजी की किसी ने देखा तो नहीं पढ़ा तो मुझे भी अपना एक किस्‍सा याद आ गया। तब मैं सातवीं कक्षा में था। दिनभर खेलना कूदना और धमाचौकड़ी करना। इसके लिए हम पर्याप्‍त दोस्‍त थे। एक मिनट भी शांति नहीं मिलती थी। स्‍कूल से बारह बजे लौटने के बाद रात दस बजे एक एक मिनट का कार्यक्रम पूर्वतय रहता। सो पढ़ने का समय ही नहीं मिल पाता था। अनुज आनन्‍द छठी क्‍लास में था। दोनों की धमाचौकड़ी से परेशान मम्‍मी ऑफिस से लौटने के बाद जमकर गालियां निकालती। गला साफ करने के बाद हाथ भी साफ करतीं। सो मानसिक और शारीरिक ताकत की कीमत और उसे जल्‍द से जल्‍द अतिविकसित करने का ख्‍याल वहीं से आया।

खैर हमारी धींगामुश्ति को देखते हुए ऐन परीक्षा के दिनों में मम्‍मी किन्‍हीं कारणों से पढ़ा नहीं पाई। परीक्षा के बाद उन्‍हें ध्‍यान आया कि बच्‍चों की परीक्षा हो चुकी है। सो उन्‍होंने अधिकृत घोषणा कर दी कि इस साल आनन्‍द और नरेन्‍द्र (मेरा घर का नाम) दोनों फेल होंगे। मिठाईयां बंट गई और शाबासी के न्‍यौते आने लगे। अब हम क्‍या सफाई दें। इम्तिहान में मिले पर्चे लेकर हम लगभग सभी गुणीजनों की सेवा में उपस्‍िथत हुए और पूरा पर्चा हल करके बताया तो हमारी तारीफ भी हुई और सलाह भी मिली कि पहले ही मेहनत करके पाठ याद करते तो परीक्षा में भी ऐसा ही पर्चा हल कर आते। हम कटकर रह जाते। परीक्षा परिणामा आने तक तो खुद हम दोनों को ही यकीन हो गया कि इस बार तो फेल हो गए। किताबें भी नई नहीं दिलाई गई। पिछले साल की किताबें ही जो काम आनी थी।

परिणाम आ गया। घर में सभी लोग इतने आशवस्‍त थे कि कोई भी स्‍कूल नहीं गया। दोस्‍तों को पता था कि सिद्धार्थ हर साल की तरह इस साल भी गिरता पड़ता पास हो जाएगा तो किसी ने रिजल्‍ट शीट में मेरा नाम ढूंढने की भी कोशिश नहीं की। धमाका आनन्‍द ने कर दिया। वह क्‍लास टॉप कर गया। सो उसके मित्र घर आ गए और बता दिया। मम्‍मी ऑफिस गई थी। हम दोनों ही घर में थे। आनन्‍द ने सुना तो मेरा पूछा। दोस्‍तों ने कहा पता नहीं तेरा तो देखा ही नहीं। मैं सन्‍न। किसी तरह तैयार होकर स्‍कूल पहुंचा तो मास्‍टरजी मिल गए। पूछा क्‍या हुआ पास या फेल। मैंने कहा पता नहीं तो उनकी पेशानी पर भी बल पड़ गया। खैर बाबूजी से पूछा तो पता चला कि पिछले सालों की तरह ही पास हो गया था।

अब शाम तो सभी लोग घर पहुंचे तो हम पहले की तरह नाच गा रहे थे। पिछले कुछ दिन से  यह क्रम रुक सा गया था। अब फिर से शुरू हुआ तो मम्‍मी ने कहा कि इन लड़कों को बिल्‍कुल शर्म नहीं है। हमने बताया कि पास हो गए हैं तो मम्‍मी बिगड़ गई। पहले तो विश्‍वास ही नहीं किया और जब विश्‍वास दिलाया तो और भी बड़ा धमाका हुआ। वे अगले दिन सुबह हमारी स्‍कूल के प्रिंसीपल शास्‍त्री जी (उन्‍होंने संस्‍कृत में शास्‍त्री की उपाधि प्राप्‍त की थी सो उनका नाम ही शास्‍त्रीजी पड़ गया था, एक बात और वे औरतों से बात नहीं करते थे, महिला सामने आने पर गर्दन नीचे किए रखते और धीरे धीरे बोलते थे) के पास पहुंच गई। उन्‍होंने उनकी मेज पर धौल मारकर बोलीं इन बच्‍चों को आपने कैसे पास कर दिया। इन दोनों ने पूरे साल पढ़ाई नहीं की। अगर इसी तरह आप पास करते रहे तो इनकी नींव कमजोर रह जाएगी। कैसे भी हो आप इन दोनों को फेल कर दो। अब हैरान होने के बारी शास्‍त्रीजी की थी। उन्‍होंने कहा ठीक है कर दूंगा और किसी तरह मम्‍मी को टाला और शाम तक आ गए मेरे पड़नानाजी के पास जो उनके गुरू रहे थे। मेरे पड़नाना बहुत हंसे। बोले विश्‍वास तो मुझे भी नहीं हो रहा है। उन्‍होंने शास्‍त्रीजी को समझाकर भेजा। अगले दिन पूरी स्‍कूल और सभी रिश्‍तेदारों को यह बात मालूम हो चुकी थी। यह कई दिन तक हंसी मजाक का केन्‍द्र बनी रही। और हमारी हालत... वह तो किसी ने भी नहीं देखी।

गुरुवार, 19 फ़रवरी 2009

कोने रोकने का खेल

DH1999BA

जब हम लोग छोटे थे तो एक खेल खेलते थे। इस खेल में पाटे पर कुछ बच्‍चे चढ़ जाते। आमतौर पर इसे पांच लोग खेल सकते हैं। जैसा कि आप समझ सकते हैं कि चौकोर पाटे में चार खाने हो सकते हैं। एक बच्‍चा एक कोने में और बाकी तीन दूसरे तीन खानों में। पांचवा बच्‍चा बीच में खड़ा होता। एक बच्‍चा अधिक देर तक अपने स्‍थान पर खड़ा नहीं रह सकता था। यानि उसे कोना छोड़ना होता था और दूसरे कोने वाले से एक्‍सचेंज करना होता। इसी प्रयास के दौरान बीच में खड़ा बच्‍चा खाली हो रहे कोने में धंसकने की कोशिश करता। अगर कोना पकड़ने में सफल होता तो जो पिछड़ता वह बीच में आ जाता। इसे खुणा रोकणी यानि कोना रोकने का खेल कहते हैं।

इस खेल के बाद एक दूसरे खेल में जुड़ा वह था बॉस्‍केटबॉल। मैं तीन कोर्ट पर प्रेक्टिस किया करता था। कॉलेज में, रेलवे ग्राउंड में और पुष्‍करणा स्‍टेडियम में। मुझे तीनों जगह आसानी से प्रवेश मिल जाता था। इसके दो कारण थे। पहला कि मैं किसी ग्रुप का सदस्‍य नहीं था। तो जो भी टीम बनती मुझे आसानी से प्रवेश मिल जाता। खेलने वालों को तो बस खिला‍ड़ी चाहिए। यहां खुणा रोकणी से दूसरी बार साक्षात्‍कार हुआ। हर कोर्ट पर अपने कोने दबाए हुए लोग मिलते। कुछ किनारों पर होते तो कुछ बीच में खड़े भी मिलते। मैं खुद ही बीच में ही रहता। क्‍योंकि तीन कोर्ट में प्रवेश होने के कारण कभी किसी कोने से मोह नहीं रहा। खेल के आखिरी दिनों में मैंने छोटे बच्‍चों को सिखाना शुरू किया और पूर्व में सिखा रहे प्रशिक्षकों की दमनकारी नीतियों से हटकर हर किसी को कोर्ट पर खुला निमंत्रण दिया। इसका परिणाम यह हुआ कि पहली बार पुष्‍करणा स्‍टेडियम की टीम जिला स्‍तरीय प्रतियोगिता में तीसरे चक्र तक पहुंची। आमतौर पर उसे प्रवेश ही नहीं मिलता था। पहली सफलता के बाद कई लोगों के कोने असुरक्षित हो गए। मेरा विरोध शुरू हो गया। मेरा ध्‍यान पहली बार कोना पकड़कर खड़े लोगों पर गया। मैंने उन्‍हें समझाने की कोशिश की लेकिन देर हो चुकी थी। मैं चाहे-अनचाहे भीषण वार कर चुका था। एक बार फिर मैंने पूरा पाटा ही छोड़ दिया। यानि ग्राउंड जाना बंद कर दिया। लेकिन एक सोच दिमाग में घर कर गई कि जो लोग जिन किनारों पर खड़े होते हैं उन्‍हें उन किनारों से प्‍यार हो जाता है। जब कोई बाहर से आता है और उन किनारों में कुछ बदलाव करने की कोशिश करता है तो किनारा पकड़कर बैठे लोगों को बहुत तकलीफ होती है।

अब ऐसा ही कुछ खेल ब्‍लॉगिंग में भी दिखाई दे रहा है...

 

...इति

मंगलवार, 10 फ़रवरी 2009

फलवर्द्धिका यानि फलौदी यानि फल का बढ़ना

बताया जाता है कि जोधपुर के राठौड़ परिवार से संबंध रखने वाली मां लटियाल यानि उष्‍ट्रवाहिनी माता ने जोधपुर छोड़ दिया और एक अनजाने गंतव्‍य की ओर निकल पड़ी। एक स्‍थान पर आकर खेजड़ी के एक वृक्ष में उनका ऊंट गाड़ी फंस गई। ऐसा फंसी कि बहुत कोशिश करने के बाद भी निकल नहीं पाई। तो पुष्‍करणा ब्राह्मण समुदाय की इस कुलदेवी ने कहा कि इस स्‍थान पर जो व्‍यक्ति साधना करेगा उसके फल में वृद्धि होगी। इस घटना के बाद स्‍थान का नाम पड़ा फलवर्द्धिका। बाद में इसी नाम का अपभ्रंश बना फलौदी। 

फलौदी तहसील के पास खींचन के तीन पानी के छोटे-छोटे स्रोत हैं। जहां साइबेरिया, मंगोलिया और मध्‍य यूरोप से हर साल हजारों की तादाद में प्रवासी कुरजां पक्षी आते हैं। इस पक्षी का जूलोजिकल नाम शीघ्र ही पता लगाकर बताउंगा। खींचन के आस-पासा के करीब पैंतालीस किलोमीटर क्षेत्र में यह पक्षी बिखरे हुए हैं लेकिन सुबह साढ़े छह से साढ़े सात बजे के बीच ये सभी पक्षी खींचन में एकत्रित हो जाते हैं। इसका एक ही कारण है, वह है भोजन। यहां बने एक चुग्‍गाघर में करीब आठ क्विंटल दाना हर रात डाला जाता है। जिसे खाने के लिए कुरजां यहां एकत्र होते हैं। सुबह होते ही चुग्‍गाघर के आस-पास के धोरों पर कुरजां का जमाव शुरू हो जाता है। कुछ देर धोरों पर शौचादि से निवृत होने के बाद कुरजां चुग्‍गाघर का रुख करते हैं पैदल। यानि मॉर्निंग वॉक भी हो गया। इसके बाद कुरजां एक साथ चुग्‍गाघर के चारों ओर तीन चक्‍कर लगाते हैं। दिसम्‍बर में इनकी संख्‍या सर्वाधिक होती है। रविवार की सुबह जब मैं वहां था तो बताया जा रहा था कि अब तो केवल आठ हजार कुरजां ही यहां बचे हैं, शेष अपने वतन को लौट चुके हैं। हम चुग्‍गाघर के बिल्‍कुल सटी हुई बिल्डिंग में डटे हुए थे। तो करीब आठ हजार कुरजां हमारे सिर के ऊपर से तीन चक्‍कर निकाले। कर-कर की आवाज के साथ हजारों पक्षियों के समूह ने हमें नि:शब्‍द कर दिया। हम बस आंखे फैलाए अपने छोटे बडे़ कैमरों से उनकी तस्‍वीरें निकाल रहे थे। ठण्‍ड से हाथ जमे जा रहे थे लेकिन बटन दबाने का लोभ संवरण नहीं कर पा रहे थे। जैसे ही सूर्य उदय हुआ मानो काले और सफेद रंग के कुरजां एकदम से सुनहरे रंग में तब्‍दील हो गए।
कुरजां के कुछ और फोटोग्राफ के साथ .... 

यह मेरे द्वारा खींचा गया सबसे अच्‍छा फोटो कहा जा सकता है। शनिवार शाम जब सूर्य अस्‍त हो रहा था तो तालाब, मंदिर, सूर्य और कुरजां को एक साथ कैमरे में कैद करने में सफल हो पाया था। वैसे हमारे साथ पीटीआई के फोटोग्राफर दिनेश गुप्‍ता भी थे। उनके खीचें चित्रों के सामने यह मजाक लगता है। उन्‍होंने डूबते सूर्य के बीच में से गुजरते कुरजां को कैद किया। उन्‍होंने अपने फोटो दिखाए तो मैंने अपना कैमरा पीछे छिपा लिया था। :)
यह दृ श्‍य बहुत अधिक बयां करता है। मैं केवल संकेत देना चाहूंगा। चित्र में एक ओर कुरजां हैं जिनके लिए यह चुग्‍गाघर बना है और दाना डाला जाता है। इन्‍हें देखने के लिए टूरिस्‍ट यहां आते हैं। दूसरी ओर कबूतरों का झुण्‍ड है जो दाना देखकर एकत्र होता है। देखने में यह पंचायत बैठी लगती है जहां गोल घेरा बनाए लोग भोजन का प्रसाद ले रहे हैं लेकिन बात इतनी सीधी नहीं है। ध्‍यान से देखने पर बीचों-बीच बैठी बिल्‍ली दिखेगी। अब आप माजरा समझ गए होंगे कि यह गोल घेरा कैसे बना। इस तस्‍वीर को लेकर बाकी बातें फिर कभी। 

अरे नया नया पक्षी विज्ञानी :) 
इसकी तो शक्‍ल भी मुझसे मिलती है। :)
देखकर पहचान जाता हूं कि इनके पर हैं और उड़ भी रहे हैं तो पक्षी ही होंगे :) 


सुनहरी उड़ान यह उस वक्‍त का फोटो है जब कुरजां चुग्‍गाघर के ऊपर चक्‍कर लगा रहे थे। सूरज उदय हो रहा था और दाना चुगने के लिए दूसरे पक्षी भी जमा हो रहे थे। 

सोमवार, 9 फ़रवरी 2009

लौटने लगे प्रवासी


जोधपुर के पास फलोदी तहसील में खीचन गाँव में हर साल हजारों प्रवासी कुरजां आते हैं. टूरिस्ट इन प्रवासियों को देखतें हैं और यहाँ के बच्चे टूरिस्टों को

सोमवार, 2 फ़रवरी 2009

रिंग रिंग रिंगा.. भाग एक

शुरू से आखिर तक जमाल के पास उम्‍मीद बांधने का कोई आधार नहीं होता। धोबीघाट से झुग्‍गी झोंपडि़यों और सड़कों से ट्रेन की पटरियों तक होता है तो बस संघर्ष खुद को जिंदा बनाए रखने का। भाई सलीम फिर भी सोचता है कि उसे पैसा कमाना है लेकिन जमाल बस जुनून होता है। 
हर काम, हर शब्‍द, हर क्षण, हर बात में जुनून। अब इस अंदर की आग को कैसे पेश किया जाए। भावनाओं का तूफान तैयार कर दिया गया है। किसकी जटाएं इस सैलाब को समेट सकती हैं। तो गढ़ दी गई लतिका। अब समझ में आता है कि क्‍यों इस छोरे के दिल में इतनी आग है। फिल्‍म जिजिविषा से हटकर आ जाती है प्रेम के तीव्र भाव पर। निर्देशक की मजबूरी है। अधिसंख्‍य समुदाय इसी लॉजिक को समझेगा कि लगातार कठिन होती जिंदगी में ऐसा कौनसा दीपक था जो बर्फीले पानी में छोरे को खड़े रहने का साहस दे गया। क्‍या लतिका के प्‍यार में ऐसा कुछ था। 

नहीं मुझे नहीं लगता। 

रिंग रिंग रिंगा... 
रिंग रिंग रिंगा्... 
रिंग रिंग रिंगा... 


नहीं ऐसा नहीं हो सकता। 

ठीक है एक उदाहरण है अभी मेरे पास। शायद कभी ओशो ने सुनाया होगा अपने शिष्‍यों को। वे कहते हैं जब बुद्ध घर से निकले और बीमार, कमजोर और मृत को देख चुके थे तो वे उतनी दुनिया देख चुके थे जितनी कि एक आम पश्चिमी व्‍यक्ति देखता है। फिर बुद्ध ने देखा एक साधू को। बस यहीं अंतर आ गया। इसी दुनिया में रहते हुए दुनिया से निवृत्त रहकर साधना करता है और एक दिन परम पिता में एकाकार होने के लिए चल देता है। पहले सशरीर उसके साथ होता है बाद में शरीर भी छोड़ देता है। 

जमाल सामान्‍य बच्‍चा है। अपनी जिंदगी जी रहा है। पिता का पता नहीं एक दिन मां भी मर जाती है। अब कहां जाए। जहां जिंदा रहा जा सके। भीख मंगवाने वाले से दूर रहना भी जरूरी है। मूर्ख विदेशियों ने गाइड समझ लिया तो अच्‍छा है। इसी से कुछ पैसा कमा लेंगे। हमें कौनसी जमीन खरीदनी है। बस जिंदा रहना है। भाई छोड दे, यार दोस्‍त अलग हो जाए तो भी जिंदगी चलती रहती है। उसी दम पर तेजी से आगे बढ़ती है। कॉल सेंटर का चायवाला कॉल सेंटर के कई एक्‍जीक्‍युटिव्‍स से अधिक जानता है। आग है और लगातार जल रही है। अब एक दिन हू वांट्स टू बी मिलेनियर में पहुंच जाता है। जिंदगी के तीखे उतार चढ़ावों के साथ सवालों का उतार चढ़ाव तारतम्‍यता बैठा लेता है। अब जमाल, जिन्‍दगी और सवाल एक हो जाते हैं। पूछने वाले को अंदाज नहीं है कि सामने जो चायवाला बैठा है उसके पीछे कितनी कहानियां हैं। 

बस एक ही मलाल --- ये राम और अल्‍लाह नहीं होते तो आज जमाल की मां जिन्‍दा होती। 

रिंग रिंग रिंगा... 

मंदी की मार झेल रही दुनिया में झुग्‍गी से बाहर आए भारत की आंखें चमक से भरी हुई है और एक नियंत्रक पूरे जोश के साथ जमाल का स्‍वागत कर रहा है आइए खेलते हैं जमाल ए चायवाल के साथ कौन बनेगा करोड़पति। 

रिंग रिंग रिंगा... 


ये अनिल कपूर और ओबामा की शकल मिलती जुलती है क्‍या... 


रिंग रिंग रिंगा... 

बस एक सेकेण्‍ड के लिए और पकाउंगा-- जिन लोगों ने ओबामा की विजय के बारे में इस ब्‍लॉग पर पढ़ा है तो पिंकी की विजय  के बारे में भी पढ़ा जा सकता है। विजय का दौर फिर से शुरू हो रहा है। 

रविवार, 25 जनवरी 2009

डर का ठोस कारण

पहली बार ऐसी हॉरर मूवी देखी है जिसमें डर का एक ठोस कारण है। डर पैदा करने वाले का भी और जो लोग डरे हुए हैं उनका भी। फिल्‍म खत्‍म होने के साथ ही डर भी खत्‍म हो गया और हॉल से निकलते वक्‍त दिल और दिमाग दोनों हल्‍के थे।
भारतीय फिल्‍म परम्‍परा में प्रेम और बदला प्रमुख हैं। राज द मिस्‍ट्री कन्‍टीन्‍यूज में पहले तो यही कंफ्यूजन है कि हीरो कौन है। अपने दिमाग के अनुसार तो वही हीरो होता है जिसके पास हीरोइन होती है (नशा पैदा करने वाली नहीं नशे में रहने वाली) और जो हीरोइन और हीरो के मिलने का विरोध करता है वह विलेन होता है। इस मूवी में तो सब गढमढ है। हीरोइन फिल्‍म के शुरू में किसी और के सामने नाचती है और इंटरवेल तक किसी और के साथ गंभीर हो जाती है और अंत में अकेली बैठी नजर आती है।
अब प्रेम का पक्ष तो खत्‍म बचा बदला। हीरो अपने बाप का बदला नहीं लेता बल्कि जिस लक्ष्‍य को लेकर उसका बाप मरा है उस लक्ष्य को पूरा करने की बस गरज होती है। अंत में हीरो के बाप को खुद ही विलेन को मारना पड़ता है।
जो भी हो फिल्‍म में पर्यावरण के प्रति दिखाई गई चिंता और डर पैदा होने का ठोस कारण इसे विशिष्‍ट बना देते हैं। कहानी इतनी दमदार है कि अन्‍य पक्षों की कमजोरी का पता ही नहीं चलता। दर्शक दम साधे कहानी के साथ आगे बढता रहता है। आखिर में जब सबकुछ खुलकर सामने आ जाता है तो तीन घण्‍टे के दौरान पैदा हुआ स्‍ट्रेस भी खत्‍म हो जाता है।
अंत में मेरी सलाह यही है कि फिल्‍म देखनी चाहिए। और हां फिल्‍म में जग्‍गू दादा का अहम रोल है।

शनिवार, 24 जनवरी 2009

भारतीय सुंदरियों और ओबामा की विजय

बाजार का दबाव किस तरह सत्‍ता को बदल देता है इसका दूसरा उदाहरण मैंने अपनी जिंदगी में देखा है। पहला उदाहरण था भारतीय सुंदरियों का विश्‍व विजयी होना। भारत की उदारीकरण की प्रक्रिया शुरू होने के ठीक बाद यह घटना हुई। यानि अचानक भारतीय सुंदरियां इतनी सुंदर और समझदार हो गई कि उन्‍होंने गोरी चमड़ी और उनके दीर्घकालीन प्रशिक्षणों तक को धता बजाते हुए विश्‍व की दो सबसे बड़ी स्‍पद्धाओं में ब्रह्माण्‍ड सुंदरी और विश्‍व सुंदरी के खिताब हासिल कर लिए। इसके बाद तो भारत की हर सुंदरी विश्‍व विजय का ख्‍वाब देखने लगी। सभी को पता था कि चेहरे का अधिक महत्‍व नहीं है। सुंदर होने के लिए कुछ कैमिकल्‍स और कुछ प्रशिक्षण की जरूरत है बस। देसी कंपनियों के पास वह कैमिकल नहीं था और विदेशी कंपनियों के लिए विश्‍व स्‍तर की भारतीय सुंदरियों वकालत की। चाहे एड में ही सही। लेकिन असर हुआ और गा‍रनियर से लेकर लोरियाल तक की कंपनियों ने बढ़ते बाजार में जमकर माल बेचा। माल इतना अधिक बिका कि फेयर एण्‍ड लवली को तो अपनी विज्ञापनो में यहां तक लिखना पड़ा कि केरल और तमिलनाडू की सुंदरियों को यह क्रीम गोरा नहीं बना पाएगी।
मुझे यही स्थिति ओबामा की विजय की लगती है। रेड इंडियन्‍स को खदेड़ने के बाद क्‍या आज तक एक भी ऐसा काला आदमी नहीं आया जो इतना बुद्धिमान हो कि वह अमरीकी शासन का नेतृत्‍व कर सके। नहीं मुझे ऐसा नहीं लगता। आज तक ओबामा से कहीं अधिक बुद्धिमान और श्रेष्‍ठ काले लोगों ने अमेरिका के लिए बहुत कुछ किया होगा और इस देश को आगे बढ़ाने के प्रयासों में कहीं कसर नहीं रखी होगी। अब ऐसा क्‍या हो गया जो ओबामा को शीर्ष पर बिठाना पड़ गया। क्‍या तीसरी दुनिया के देशों से संवाद का यही एक रास्‍ता बचा था, क्‍या मंदी से टूटते अमरीका को किसी काले की जरूरत थी, क्‍या आम आदमी की राष्‍ट्रभक्ति पाने के लिए काले को लाया गया है, यह काला कितने प्रतिशत काला है, किन कालों का नेतृत्‍व करता है। ये सब बातें आपस में गढ़मढ़ होती है और भारतीय होने के नाते चुप रहने की कोशिश करता हूं। क्‍योंकि आखिर ओबामा ने दुनिया के सबसे बड़े बाजारों में से एक भारत को चुना और पाकिस्‍तान को चेतावनी दी। फिर भी क्‍यों मुझे लगता है वर्णभेद, इस्‍लामी आतंकवाद और बाजार के दबाव ने ओबामा का भाग्‍य पहले ही तय कर दिया था। अब इंसान के रूप में खड़ा यह व्‍यक्ति तो निमित्त मात्र है।

सोमवार, 5 जनवरी 2009

सरजमीने हिन्‍द की औरतों...

आज मैं कह सकता हूं, सरजमीने हिंद की औरतों, तुम्हें सलाम।
ऐसा क्यों । इसका एक मोटा कारण है।

रविवार को मैं जयपुर में था। मौका था राजस्थान पत्रिका के पत्रकारिता पुरस्कारों का। बैस्ट कवरेज कैटेगरी में मेरी टीम को राष्ट्रीय स्‍तर पर तीसरा पुरस्कार मिला था। पुरस्कार लेने के बाद हमें अतिरिक्त पुरस्कार के रूप में मिला स्वामीनाथन गुरूमूर्ति का भाषण। राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय इकॉनोमी पर स्वामीनाथन के भाषण ने जैसे हमारी (मेरी) आंखें खोल दी।

उन्होंने फैमिली सिस्टम के आधार पर अमरीकी उपभोक्तावाद और बचत के प्रारूप को विस्तार से बताया। आंकड़ों के साथ सिद्ध किया कि अमरीका का इकॉनोमिक डाउनफॉल 80 के दशक में ही शुरू हो चुका था। इसके बाद का काल तो ऐसा था कि अमरीकी लोगों के लिए खर्च करने के लिए जेब भरी होने की जरूरत ही नहीं थी। यानि उधार लो और खर्च कर दो। अब अमरीकी लोगों ने बाजार से पैसा लिया और घूमने फिरने जैसे उपभोग में उसे खर्च कर दिया। चूंकि उनका पैसा और पैसा पैदा नहीं कर रहा था इसलिए रीपेमेंट की स्थितियां बाकी नहीं बची। ऐसे में अमरीकी उपभोक्‍तावाद पूरी तरह उधार लो और खर्च कर दो पर आ गया। अमरीका को सुपर पावर मानने वाले देश उसे ही ऋण देकर पैसे वाला बना रहे थे। आने वाले पैसे का उपभोग अमरीकी करते रहे। एक दिन बिना बचत वाला यह गुब्‍बारा फूट गया।

कुल मिलाकर समझा जाए तो किसी भी देश की अर्थव्‍यवस्‍था आम आदमी की बचत पर निर्भर करती है। और इसी आम आदमी द्वारा खर्च को बढ़ावा दिए जाने पर अर्थव्यवस्था को गति मिलती है। जिन देशों को अधिक उपभोक्ताओं की जरूरत थी उन्होंने टारगेटेड देश की औरतों को इस प्रकार शिक्षित किया कि वे औरतें घोंसला संभालने वाली चिडि़या की बजाय आदमी का ही दूसरा रूप बन गई और जमकर खरीदारी और निवेश करने लगीं। ऐसे देश तेजी से उपभोक्ता वादी संस्‍कृति के‍ शिकार हुए। इसके विपरीत जापान में न तो पुरुषों में ना ही स्त्रियों में बचत को निकालकर निवेश या खर्च की प्रवृत्ति है। इस कारण बाजार को गति देने के प्रयास के मद्देनजर जब जापान में बचत पर ब्याज को कम किया गया उसके बावजूद वहां बचत की प्रवृत्ति में कोई बदलाव नहीं हुआ।

अब बात करते हैं भारत की

भारत को वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़े दो दशक हो रहे हैं। इस दौरान ब्याज की दरों में कमी, शेयर बाजार की तेजी, निवेश के आसान रास्ते और खर्च प्रोत्सातहित करने के लिए अनगिनत स्कीमें लोगों के सामने पेश की गई। इतना सबकुछ होने के बाद जहां भारतीय पुरुष आम पुरुषों की तरह खर्च और निवेश पर ध्यान देने लगे, वहीं भारतीय स्त्रियां अब भी जरूरत की चीजों में ही खर्च कर रही हैं। यानि एक स्‍त्री जब कोई चीज खरीदती है तो उसका मूल कारण यही होता है कि क्‍या इस उत्‍पाद की अभी घर में जरूरत है। इस वजह से जहां कुल जीडीपी का महज दो प्रतिशत शेयर बाजार में है वहीं बचत का प्रतिशत आज भी बहुत ऊँचा बना हुआ है। यह भारतीय स्त्रियों के कारण ही हो सका। धन्य है मेरे देश की स्त्रियां जिनके कारण वैश्विक मंदी के बावजूद आम भारतीय परिवार मंदी की मार से बचा हुआ है। यानि दूसरे शब्दों में कहें तो बिना शोर शराबे और बिना क्रांति का गीत गाए पारम्परिक भारतीय औरत ने बिना पुरुषों को गाली निकाले देश को बचा लिया। सही कहूं तो वे अपने योगदान से अंजान अब भी समाज और अर्थव्यंवस्था की धुरी बनी हुई हैं।

इस लेख में स्‍वामीनाथन गुरूमूर्ति से सुने गए शब्द और कुछ मेरे विचारों का घालेमल हो गया है। उम्मीद है लोग पसंद करेंगे।